ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि और 5 लाख की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की घोषणा
सुरक्षित गांव और मजबूत कानून-व्यवस्था से आत्मनिर्भर व विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण आधार हैं और वे गांव में सजग रहकर सही सूचनाएं समय से पुलिस तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री जी ने जनपद बरेली में पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले ‘प्रदेश के 68,000 ग्राम प्रहरियों का सम्मान’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया और उनके मानदेय में वृद्धि तथा उन्हें व उनके परिवारों को प्रतिवर्ष 05 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में ग्राम प्रहरियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था, जिसे वर्ष 2019 में बढ़ाकर 2,500 रुपये किया गया था और अब उनकी जिम्मेदारियों को देखते हुए इसमें अतिरिक्त वृद्धि की जा रही है। स्वतंत्रता के बाद लगभग 75 वर्षों तक इनकी सुविधाओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन विगत साढ़े 09 वर्षों में प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों के मानदेय और कार्यगत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लगभग 57,600 से अधिक ग्राम पंचायतों और लगभग 1,05,000 राजस्व गांवों वाली इस विशाल ग्रामीण संरचना में ग्राम प्रहरियों की भूमिका पुलिस के लिए आंख और कान के समान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में ग्राम प्रहरी के रिक्त पदों पर स्थानीय व्यवस्था के अंतर्गत नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि थाना प्रभारी या क्षेत्रीय उपनिरीक्षक सप्ताह में कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ निश्चित रूप से बैठक करें, जिससे संवाद और सूचना तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
उत्तर प्रदेश की बदली कानून-व्यवस्था और सुरक्षित माहौल से मजबूत हो रहा आत्मनिर्भर व विकसित उ0प्र0 का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश बदल चुका है और इसका प्रमाण हर जनपद में दिखाई दे रहा है। वर्ष 2017 से पूर्व पर्व-त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे, लेकिन आज लोग बिना किसी भय के दुर्गा पूजा पंडालों, मंदिरों और धार्मिक आयोजनों में निर्भय होकर सम्मिलित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश के प्रति देश और दुनिया की सोच को पूरी तरह बदलने में सफलता प्राप्त की है, जिससे आज प्रदेश में निवेश, व्यापार, रोजगार और चहुंमुखी विकास के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों को आगाह किया कि वे किसी भी संदिग्ध या अपुष्ट सूचना को बिना जांचे आगे न बढ़ाएं, बल्कि भूमि विवादों, अवैध कब्जों और आपराधिक गतिविधियों की सटीक जानकारी पूरी सतर्कता के साथ समय पर पुलिस तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी जितने सजग और सचेत होंगे, गांव उतना ही सुरक्षित बनेगा और सुरक्षित गांव से ही आत्मनिर्भरता तथा एक विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

