फेनेस्टा ओपन नेशनल टेनिस चैंपियनशिप: मान केसरवानी ने जीता पुरुष सिंगल्स का खिताब, यूपीटीए लखनऊ में करेगी भव्य सम्मान

Anoop

October 12, 2026

यूपीटीए अध्यक्ष व सचिव ने दी बधाई, लखनऊ आगमन पर होगा भव्य सम्मान

31वीं फेनेस्टा ओपन टेनिस चैंपियनशिप का पुरुष सिंगल्स खिताब अपने नाम किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवा टेनिस खिलाड़ी मान केसरवानी ने नई दिल्ली में आयोजित 31वीं फेनेस्टा ओपन नेशनल टेनिस चैंपियनशिप का पुरुष सिंगल्स खिताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। छठी वरीयता प्राप्त मान ने फाइनल मुकाबले में तीसरी वरीयता प्राप्त नितिन सिन्हा को सीधे सेटों में 6-0, 6-4 से शिकस्त दी। उनका यह पहला फेनेस्टा ओपन खिताब है।

इस शानदार उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन (यूपीटीए) के अध्यक्ष नवनीत सहगल और सचिव पुनीत अग्रवाल ने मान केसरवानी को हार्दिक बधाई दी है। साथ ही, यूपीटीए की ओर से घोषणा की गई है कि मान के लखनऊ आगमन पर उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा।

अध्यक्ष नवनीत सहगल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मान ने प्रदेश और यूपीटीए का मान बढ़ाया है और उनकी इस सफलता पर गर्व है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से टेनिस के विकास के लिए यूपीटीए द्वारा किए जा रहे प्रयासों के अब सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। वहीं, सचिव पुनीत अग्रवाल ने कहा कि मान की यह जीत प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन अब ग्रासरूट स्तर पर खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए बड़ी योजनाओं पर विचार कर रहा है।

मान केसरवानी की यह ऐतिहासिक जीत उत्तर प्रदेश के टेनिस जगत के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यूपीटीए को पूरी उम्मीद है कि इस सफलता से प्रेरित होकर प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *