शुभारंभ लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में भव्य अंदाज़ में हुआ
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि इस ग्रैंड लॉन्च इवेंट में शिरकत की
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में क्रिकेट का महाकुंभ एक बार फिर सजने जा रहा है। UP T20 लीग के चौथे सीज़न का आधिकारिक शुभारंभ सोमवार को लखनऊ स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में बेहद भव्य अंदाज़ में हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि इस ग्रैंड लॉन्च इवेंट में शिरकत की और आगामी 14 अगस्त को होने वाली सबसे बड़ी ओपनिंग सेरेमनी के आधिकारिक टिकट जारी कर दिए।
इस बार का सीज़न प्रशंसकों के लिए दोहरे रोमांच का पैगाम लेकर आ रहा है। 14 अगस्त की शाम एकाना स्टेडियम सिर्फ चौकों और छक्कों का गवाह ही नहीं बनेगा, बल्कि सुरों और रोशनी के अद्भुत संगम से भी जगमगाएगा। इस शानदार शाम को यादगार बनाने के लिए मशहूर सितार वादक ऋषभ रिखिराम शर्मा और लोकप्रिय गायिका जैस्मीन सैंडलस अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। इसके साथ ही, आसमान में जगमगाता हाई-टेक ड्रोन शो और भव्य आतिशबाजी उत्तर प्रदेश के इतिहास में एक नया नज़ारा पेश करेगी। पूरे समारोह का संचालन जाने-माने स्पोर्ट्स एंकर जतिन सप्रू करेंगे।
फैंस के उत्साह को देखते हुए आयोजकों ने शुरुआती चरण में 4,000 डिस्काउंटेड टिकट जारी किए हैं, जो ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर दिए जाएंगे। दर्शक अपर ब्लॉक के टिकट ₹349 और लोअर विंग के टिकट ₹499 में ई-डिस्ट्रिक्ट (e-District) ऐप व आधिकारिक प्लेटफॉर्म से खरीद सकते हैं।
इवेंट के दौरान खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात देते हुए UP T20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने घोषणा की कि इतिहास में पहली बार यह लीग दो शहरों—लखनऊ और कानपुर—में खेली जाएगी। टूर्नामेंट का पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के एकाना स्टेडियम में होगा, जहाँ ओपनिंग सेरेमनी समेत कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 28 अगस्त से दूसरा चरण कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में शुरू होगा, जहाँ 12 मुकाबले आयोजित होंगे। इस टी-20 जंग का महामुकाबला यानी ग्रैंड फ़ाइनल 6 सितंबर को कानपुर में ही खेला जाएगा।
मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी ने राज्य में तेज़ी से विकसित हो रहे स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस बार छह टीमें मैदान में उतरेंगी, जिससे प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा साबित करने का बेहतरीन मंच मिलेगा। खेल के बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि लीग समाप्त होते ही कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम का कायाकल्प किया जाएगा। इसके अलावा, वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया स्टेडियम जल्द तैयार होने वाला है और गोरखपुर में नए स्टेडियम की आधारशिला रखी जा चुकी है।
महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा सुझाव देते हुए अवनीश अवस्थी ने पुरुषों की तर्ज़ पर 4 टीमों वाली ‘UP महिला T20 लीग’ शुरू करने की वकालत की, जिस पर गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन ने तुरंत सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द विचार करने का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में उन्होंने पैरालंपिक पदक विजेता शीतल देवी के संघर्ष और उपलब्धियों को नमन करते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

समारोह का समापन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के सेक्रेटरी प्रेम मनोहर गुप्ता द्वारा दिए गए धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। इस मौके पर UPCA के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, एकाना स्टेडियम के CMD उदय सिन्हा, CEO अंकित चटर्जी, मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम और गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

