100 एकड़ में स्थापित होगा सीएनएच इंडस्ट्रियल का नया संयंत्र, हजारों युवाओं को मिलेगा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार
साढ़े नौ वर्षों में 15 लाख करोड़ के निवेश उतरे धरातल पर, ‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बना उत्तर प्रदेश : मुख्यमंत्री
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और आधुनिक विनिर्माण को नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास से वर्चुअल माध्यम के जरिए यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। लगभग 100 एकड़ भूमि पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाली इस परियोजना से प्रदेश के हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज ‘उपद्रव प्रदेश’ की छवि से बाहर निकलकर ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है। प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित होने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और राज्य ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ से आगे बढ़कर ‘ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस’ का केंद्र बन गया है। उन्होंने कंपनी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के कुल ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है, ऐसे में यह प्लांट फार्म मैकेनाइजेशन और स्थानीय सप्लायर नेटवर्क को मजबूती देगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कंपनी से राज्य में बुलडोजर बनाने का भी आग्रह किया और कहा कि यूपी का बुलडोजर अब एक ब्रांड बन चुका है, जिसकी देश-दुनिया में मांग है।
यीडा क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 हजार हेक्टेयर में विकसित हो रहा यह क्षेत्र और जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इसे एक बड़े लॉजिस्टिक और इंडस्ट्रियल हब में बदल रहे हैं। उन्होंने जेवर के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस इलाके में कभी अपराध और गोलियों का बोलबाला था, आज वहां सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क और डेटा सेंटर जैसी परियोजनाएं आ रही हैं, जिससे जेवर सचमुच ‘भारत का गहना’ बनकर उभर रहा है।
राज्य की आर्थिक प्रगति के आंकड़े साझा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट में साढ़े सात लाख करोड़ रुपये की और परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार के पार पहुंच गई है और यूपी आज ‘बीमारू’ राज्य की श्रेणी से निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। इस अवसर पर सीएनएच इंडस्ट्रियल के प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार की प्रगतिशील नीतियों और सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे भारत की आर्थिक प्रगति में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

