भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए नेट गेंदबाज़ के रूप में
चुने गए लखनऊ के विप्रज निगम का क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ एवं BBD ग्रुप ने किया सम्मान
लखनऊ। भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए नेट गेंदबाज़ के रूप में चुने गए लखनऊ के विप्रज निगम का क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (CAL) एवं BBD ग्रुप ने रविवार को भव्य सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि CAL के उपाध्यक्ष एवं BBD ग्रुप के चेयरमैन विराज सागर दास ने विप्रज निगम को उपहार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विप्रज के कोच सरवर नवाब का भी सम्मान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विराज सागर दास ने कहा कि लखनऊ क्रिकेट के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और यहाँ के खिलाड़ियों ने टीम इंडिया तक अपनी पहुँच बनाई है। उन्होंने कहा कि विप्रज निगम की इस उपलब्धि पर सभी को गर्व है और यह सफलता उभरते हुए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विप्रज जल्द ही अपने शानदार प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट में एक चमकते सितारे के रूप में उभरेंगे।
अपनी इस उपलब्धि और सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विप्रज निगम ने कहा कि जब अपने घर में सम्मान मिलता है तो उसकी अनुभूति बेहद खास और भावुक कर देने वाली होती है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय उनके लिए चुनौतियों से भरा है और यह सम्मान उन्हें भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम के दौरान केएम खलीक ने कहा कि विप्रज की यह उपलब्धि नए और युवा क्रिकेटरों के लिए एक मिसाल की तरह है। वहीं, विप्रज के कोच सरवर नवाब ने भी इस मंच पर अपने अनुभव साझा किए। सम्मान समारोह के दौरान CAL के सचिव केएम खान, डायरेक्टर राकेश सिंह, संयुक्त सचिव नईम चिश्ती, तुषार सिन्हा, कमर हुसैन चंदू, सुमित गुप्ता, अरिफुल हसन, एसपी सिंह और अशर खालिद समेत खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

