उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का बजा बिगुल
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम’ में हिंदी के साथ-साथ पहली बार भोजपुरी कमेंट्री का दिखेगा तड़का
लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) द्वारा आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन (UP T20 League 2026) का बिगुल बज चुका है। लखनऊ स्थित ‘भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम’ में खेले जाने वाले मुकाबलों के लिए क्रिकेट प्रेमियों की जेब का विशेष ध्यान रखा गया है, जहाँ शुरुआती टिकट की कीमत मात्र ₹49 रखी गई है। इसके साथ ही पूर्वांचल और भोजपुरी भाषी प्रशंसकों के लिए इस बार मैचों में हिंदी के साथ-साथ पहली बार भोजपुरी कमेंट्री का तड़का भी देखने को मिलेगा।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार लीग का आयोजन संयुक्त रूप से लखनऊ और कानपुर में किया जा रहा है। लीग का पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जिसमें भव्य उद्घाटन समारोह (Opening Ceremony) सहित कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे।
दर्शकों को स्टेडियम तक आकर्षित करने के लिए अलग-अलग वर्गों के हिसाब से बेहद किफायती टिकट दरें तय की गई हैं। आम दिनों (Weekdays) में अपर स्टैंड का टिकट ₹49 और लोअर स्टैंड का टिकट ₹99 में मिलेगा। वहीं, सप्ताहांत (Weekend) पर अपर स्टैंड के लिए ₹99 और लोअर स्टैंड के लिए ₹149 दरें निर्धारित की गई हैं। पूरे टूर्नामेंट का लुत्फ उठाने वाले फैंस के लिए सीजन पास और फैमिली पैक की सुविधा भी दी गई है, जिसमें अपर स्टैंड का सीजन पास ₹399 व लोअर स्टैंड का ₹499 में मिलेगा। वहीं (3+1) फैमिली पैक के तहत अपर स्टैंड ₹1,047 और लोअर स्टैंड ₹1,497 में उपलब्ध रहेगा।
इसके अलावा 14 अगस्त को होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह के लिए VIP और हॉस्पिटैलिटी श्रेणी के टिकट भी तय किए गए हैं, जिनमें साउथ डायरेक्टर लॉन (1 व 2) का टिकट ₹2,500, साउथ कॉर्पोरेट बॉक्स का ₹3,500 और साउथ प्रीमियम लाउंज का टिकट ₹5,000 रखा गया है।
ऑनलाइन टिकटों की बिक्री फिलहाल Zomato के ‘District’ ऐप पर शुरू हो चुकी है, जबकि जल्द ही लखनऊ शहर में ऑफलाइन टिकट बिक्री के लिए स्टॉल और केंद्र भी खोले जाएंगे। भोजपुरी कमेंट्री, किफायती टिकटों और स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी को देखते हुए इस चौथे सीजन के सुपरहिट होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।

