उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वाराणसी दौरे पर रहे
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित ‘जन कल्याण शिविर’ को संबोधित किया
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वाराणसी दौरे के दौरान केन्द्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘जन कल्याण शिविर’ को संबोधित किया। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, टूलकिट और पी0एम0 स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 12 वर्षों में देश और विशेषकर काशी में हुए ऐतिहासिक बदलावों और उपलब्धियों को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व देश अव्यवस्था, अविश्वास और भ्रष्टाचार का शिकार था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस व्यवस्था को बदलने के लिए तकनीक का सहारा लिया।
सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए डीबीटी का प्रभावी प्रयोग किया गया। जन-धन खातों और आधुनिक तकनीक के इस बेहतरीन समन्वय से आज योजनाओं की शत-प्रतिशत धनराशि बिना किसी बिचौलिए के सीधे गरीबों के बैंक खातों में पहुंच रही है।
2. महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान
सीएम योगी ने कहा कि विगत 12 वर्षों में देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने का अद्भुत व चमत्कारिक कार्य हुआ है, जिसकी पूरी दुनिया सराहना कर रही है।
- नारी गरिमा की रक्षा: स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश के 12 करोड़ गरीबों को एक-एक शौचालय की सुविधा देकर गरीब बच्चों की सेहत सुधारी गई और महिलाओं को सम्मान दिया गया।
- स्वामित्व और आत्मनिर्भरता: ‘घरौनी’ योजना के माध्यम से 3 करोड़ परिवारों को उनके आवास का मालिकाना हक दिया गया, जिसमें महिलाओं को प्राथमिकता मिली। इसके अलावा ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत 10 करोड़ महिलाओं को स्वयंसेवी समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
- सुरक्षित भविष्य: बेटी के जन्म लेने से लेकर उसकी पढ़ाई, आत्मनिर्भरता और विवाह तक के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही विधायी संस्थाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का ऐतिहासिक प्रावधान किया गया है।
3. वाराणसी के 91 हजार से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को मिला ऋण
पी0एम0 स्वनिधि योजना की सफलता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने वाराणसी के आंकड़े साझा किए । 60,000 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय बढ़ाने के लिए बैंक ऋण की पहली किस्त मिल चुकी है। 26,800 वेंडर्स को दूसरी किस्त जारी की जा चुकी है। तीसरी किश्त 5,000 वेंडर्स तीसरी किस्त का लाभ उठा चुके हैं। नगर निगम और सामाजिक संगठनों के सहयोग से इन दुकानदारों के लिए नए वेंडिंग जोन बनाकर उन्हें गरिमापूर्ण व्यवसाय का अवसर दिया जा रहा है।
4. इन्फ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक रेल परिवहन में क्रांति
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो विकास कार्य काशी में 70 वर्षों में नहीं हो सके, उन्हें प्रधानमंत्री ने मात्र 12 वर्षों में धरातल पर उतार दिया है।
- एयरपोर्ट और मेट्रो: वर्ष 1947 से 2014 की तुलना में पिछले 12 वर्षों में देश में दोगुने से अधिक एयरपोर्ट बने हैं। पहले मेट्रो केवल 5 शहरों में थी, जो आज देश के 20 शहरों (अकेले यूपी के 7 शहरों) में दौड़ रही है।
- पहला इनलैंड वॉटर-वे: वाराणसी से हल्दिया के बीच देश का पहला इनलैंड वॉटर-वे संचालित है, जो काशी के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में सक्षम है। जल्द ही काशी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के नए मॉडल के रूप में ‘रोपवे’ का लोकार्पण भी होगा।
- रायबरेली में बन रहीं आधुनिक ट्रेनें: देश को मिल रही वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक रेल सेवाओं का निर्माण उत्तर प्रदेश के रायबरेली में हो रहा है, और देश के रेलवे स्टेशन अब एयरपोर्ट की तरह नजर आते हैं।
वैश्विक संकट के बीच मजबूत भारत
मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज दुनिया में ऊर्जा और महंगाई का संकट छाया हुआ है। अमेरिका जैसी महाशक्ति में भी महंगाई चार गुना बढ़ चुकी है, लेकिन प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व के कारण भारत इस वैश्विक संकट में भी पूरी मजबूती के साथ अपने नागरिकों के उत्थान के लिए खड़ा है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, डॉ0 दयाशंकर मिश्र ’दयालु’, महापौर अशोक तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जन कल्याण शिविर के समापन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री कालभैरव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और देश-प्रदेश की समृद्धि की कामना की।

