यूपी में पांच संस्थाओं व अकादमियों के गठन और सदस्य नामांकन को मंजूरी, भाषा व सांस्कृतिक संस्थानों में नई नियुक्तियां

Anoop

November 27, 2026

फखरूद्दीन अली अहमद मेमोरियल कमेटी और उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी की कार्यकारिणी परिषद गठित, गैर सरकारी व पदेन सदस्य नामित

भोजपुरी अकादमी, भाषा संस्थान और हिन्दी संस्थान में नए पदाधिकारियों व सदस्यों की नियुक्ति को स्वीकृति

लखनऊ: प्रदेश सरकार ने विभिन्न भाषाई, सांस्कृतिक और स्मारक संस्थानों की कार्यकारिणी तथा साधारण व सामान्य सभाओं के गठन और सदस्यों के नामांकन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस क्रम में फखरूद्दीन अली अहमद मेमोरियल कमेटी, उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी, उत्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी, उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान और उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान से जुड़े आदेश जारी किए गए हैं।

फखरूद्दीन अली अहमद मेमोरियल कमेटी की कार्यकारिणी परिषद में लखनऊ के शफाअत हुसैन को कमेटी का अध्यक्ष/गैर सरकारी सदस्य नामित किया गया है। परिषद में सहारनपुर के एम. आजाद अंसारी, लखनऊ के ताहिर हुसैन, प्रयागराज की सबीना यासीन और हरदोई के इखलाक खान गैर सरकारी सदस्य बनाए गए हैं, जबकि भाषा विभाग के प्रमुख सचिव/सचिव कार्यकारी अध्यक्ष/पदेन सदस्य होंगे। शिक्षा व वित्त विभाग के प्रमुख सचिव/सचिव तथा कमेटी के सचिव पदेन सचिव और आकाशवाणी व दूरदर्शन लखनऊ के निदेशक पदेन सदस्य होंगे।

उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी की कार्यकारिणी परिषद में गोरखपुर के चौ. कैफुलवरा अंसारी को चेयरमैन/गैर सरकारी सदस्य नामित किया गया है। इसमें वित्त, भाषा और शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव/सचिव, उ.प्र. हिन्दी संस्थान के कार्यकारी पूर्णकालीन अध्यक्ष, उर्दू शिक्षा निदेशालय के निदेशक, अकादमी के सचिव तथा एएमयू, बीएचयू, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, पंडित दीनदयाल विश्वविद्यालय और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्षों सहित अन्य को पदेन सदस्य बनाया गया है।

उत्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी की साधारण सभा में लखनऊ के प्रभुनाथ राय को उपाध्यक्ष और वाराणसी की सीता मिश्रा, प्रतापगढ़ के कृष्ण कुमार सिंह, महाराजगंज के अशोक जायसवाल तथा गोरखपुर के डॉ. फूलचन्द्र गुप्ता को सदस्य नामित किया गया है। इन सदस्यों का कार्यकाल नामांकन तिथि से एक वर्ष रहेगा। भोजपुरी भाषा को प्रोत्साहन और ‘सांस्कृतिक धरोहर एवं विकसित पर्यटन’ के उद्देश्य से स्थापित इस अकादमी का मुख्यालय गोरखपुर में है और मुख्यमंत्री इसके पदेन अध्यक्ष होते हैं।

उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान में गौतमबुद्ध नगर के अमित शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष और वाराणसी की डॉ. नीरजा माधव को कार्यकारी उपाध्यक्ष नामित किया गया है। संस्थान में देवरिया के अमित कुमार, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग के डॉ. लहरी राम मीणा और प्रयागराज के डॉ. विनय प्रताप सिंह को सदस्य बनाया गया है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान की सामान्य सभा में वाराणसी की प्रो. सुचित्रा त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव व डॉ. गीता शास्त्री, मुरादाबाद के महेश चंद्र दिवाकर, गाजियाबाद की डॉ. वन्दना मिश्रा, कानपुर के डॉ. यतीन्द्र सिंह कुशवाहा व डॉ. दिवाकर मिश्रा, अम्बेडकरनगर की डॉ. पूनम राय, आगरा की रूचि चतुर्वेदी, प्रो. अनिता, अरविन्द शर्मा व डॉ. ममता सिंह, अलीगढ़ के प्रो. विजेन्द्र प्रताप सिंह, लखनऊ के हरिशंकर मिश्र तथा आजमगढ़ के के.डी. राम को सदस्य मनोनीत किया गया है, जिनका कार्यकाल तीन वर्ष होगा। मुख्यमंत्री संस्थान के अध्यक्ष/पदेन सदस्य होते हैं तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव/सचिव, विश्वविद्यालयों के कुलपति, शोध संस्थानों के निदेशक व अन्य संबंधित पदाधिकारी पदेन सदस्य और संस्थान के निदेशक सदस्य (सचिव) होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *