राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की सधी गेंदबाजी से दूरदर्शन 119 रनों पर सिमटी और टीओआई ने खिताब बरकरार रखा
विवेक चौहान की 36 रनों की तेज पारी की बदौलत टाइम्स ऑफ इंडिया ने 129 रन बनाए व राजीव श्रीवास्तव मैन ऑफ द मैच चुने गए
लखनऊ: राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार अपने नाम कर लिया। टीम ने गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में प्रख्यात खेल पत्रकार संतोष सूरी की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में टाइम्स ऑफ इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 129 रन बनाए। टीम के लिए विवेक चौहान ने 36 रनों की तेज पारी खेलकर स्कोर को 100 के पार पहुंचाया, जबकि देवेश पाण्डेय ने 25, राजीव श्रीवास्तव ने 19, इश्तियाक रजा ने 13 और अनीश ओबराय ने 10 रनों का योगदान दिया। दूरदर्शन की ओर से अमित शुक्ला और शादाब आलम ने 2-2 विकेट चटकाए, वहीं शैलेंद्र शर्मा और बालक राम को 1-1 सफलता मिली।
130 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूरदर्शन एक समय मजबूत स्थिति में नजर आई, लेकिन टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुभवी गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी से उसे लक्ष्य से पहले ही रोक दिया। दूरदर्शन की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट पर 119 रन ही बना सकी। सीएस आजाद ने 41 और शादाब आलम ने 25 रन बनाए, जबकि टीम का कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए राजीव श्रीवास्तव ने 24 रन देकर और इश्तियाक रजा ने 15 रन देकर 2-2 विकेट लिए। फाइनल मैच में हरफनमौला प्रदर्शन के लिए राजीव श्रीवास्तव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण खेल सचिव सुहास एलवाई और स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर संतोष सूरी की पत्नी ग्लोरिया और उनके परिजन, दूरदर्शन के उपमहानिदेशक के.के. गुप्ता, रायल स्पोर्ट्स गंज के हर्षवर्धन, टेंजो के हरीश और अजीत वर्मा, भाजपा नेता राहुल, अखिल भारतीय स्वदेशी खेल संघ के महासचिव एके सक्सेना, एनबीटी के संपादक मनीष श्रीवास्तव तथा उत्तर प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विशेष पुरस्कार:
- मैन ऑफ द सीरीज: राजीव श्रीवास्तव (टाइम्स ऑफ इंडिया)
- सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: राजीव श्रीवास्तव (टाइम्स ऑफ इंडिया)
- सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: देवेश पाण्डेय (टाइम्स ऑफ इंडिया)

