रमित शर्मा लखनऊ जोन के एडीजी और प्रभाकर चौधरी लखनऊ रेंज के आईजी बने, मोहित अग्रवाल प्रयागराज और किरण एस. वाराणसी के कमिश्नर नियुक्त
अयोध्या व मुरादाबाद के एसएसपी और कानपुर व प्रयागराज के डीसीपी समेत कई पीएसी सेनानायकों के कार्यक्षेत्र बदले, तीन तबादले निरस्त
लखनऊ: उत्तर प्रदेश शासन ने शुक्रवार को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी आदेश के अनुसार नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर समेत कई जिलों और रेंज के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि बीते चार वर्षों से गौतमबुद्धनगर की कमान संभाल रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है और उनकी जगह बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का नया एडीजी बनाया गया है। लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस. को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, वहीं अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना बनाया गया है तथा वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
रेंज और जनपद स्तर पर हुए बदलावों के तहत सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा रेंज, आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ रेंज और तकनीकी सेवाएं के डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज का डीआईजी बनाया गया है। अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी और मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या का एसएसपी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज कमिश्नरेट तथा प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में एसपी और डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है।
पीएसी और अन्य इकाइयों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक आकाश तोमर को डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद का एसपी, 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक अमित कुमार प्रथम को ईओडब्ल्यू का एसपी और 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा के सेनानायक नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर का एसपी बनाया गया है। 36वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को एसपी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा के सेनानायक त्रिभुवन सिंह को एसपी जीआरपी मुख्यालय लखनऊ, 42वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी अभिसूचना मुख्यालय, 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीएस गोरखपुर और 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा को एसपी यूपी पावर कॉरपोरेशन नियुक्त किया गया है।
तबादला आदेश में तीन अधिकारियों के पूर्व में जारी स्थानांतरण आदेशों को निरस्त करते हुए नई तैनाती दी गई है। इसके तहत पुनीत द्विवेदी को एडीसीपी गाजियाबाद, नीतू को एडीसीपी लखनऊ और अमित कुमावत को एडीसीपी आगरा बनाया गया है। इनके क्रमशः लखनऊ, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में पूर्व में किए गए तबादले निरस्त कर दिए गए हैं।

