पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और कठिन परिश्रम से राष्ट्रीय एकता व आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने का आह्वान
नशामुक्ति की शुरुआत घर से करने, स्वरोजगार अपनाने और मेडिकल संस्थानों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र गोद लेने पर जोर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को जन भवन, लखनऊ के गांधी सभागार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए 150 युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए उनके सवालों, जिज्ञासाओं और विचारों को सुना तथा विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् की भावना के अनुरूप युवा भारत, उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक श्री गोपेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में 25 नवंबर से 01 दिसंबर 2026 तक लखनऊ में आयोजित सात दिवसीय वन्दे मातरम् कैंप का उल्लेख किया गया, जिसमें असम, कर्नाटक, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से 25-25 युवा प्रतिभागी शामिल हैं।
संवाद के दौरान असम की प्रतिभागी भानुवाती के प्रश्न पर राज्यपाल जी ने कहा कि पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान विविधताओं को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि जन भवन में गुजरात का गरबा, गुजराती खानपान और आदर्श माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को गरबा सिखाना तथा विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाना आपसी संस्कृति को समझने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का माध्यम है। असम की प्रतिभागी नीतू के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि उन्हें असम का भोजन और हस्तशिल्प पसंद आया, साथ ही सफलता के लिए धरती से जुड़कर कठिन परिश्रम करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए उन्होंने अपने बचपन के संघर्षों, ग्रामीण परिवेश में सुबह पांच बजे उठकर खेतों व पशुओं की देखभाल करने, चार से आठ किलोमीटर पैदल चलकर पढ़ने जाने, अकेली छात्रा व महिला मंत्री रहने और मुख्यमंत्री व राज्यपाल के दायित्वों के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि मेहनत से सब कुछ संभव है, लालच व भ्रष्टाचार से दूर रहना चाहिए और महिलाओं व लड़कियों को मां, बेटी व बहन के समान सम्मान मिलना चाहिए।
पंजाब की प्रतिभागी सादिया के नशामुक्ति से जुड़े प्रश्न पर राज्यपाल जी ने कहा कि युवाओं को स्वयं सकारात्मक सोच अपनाकर नशे से दूर रहना चाहिए और इसकी शुरुआत घर व परिवार से करनी चाहिए। उन्होंने काशी की महिलाओं के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि बेटियां संकल्प लें तो परिवार और समाज में बड़ा बदलाव आ सकता है। ओडिशा के प्रतिभागी स्वास्तिक के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद के शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के विचारों को अपनाकर उद्देश्यपूर्ण जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के भ्रमण का उद्देश्य केवल घूमना नहीं, बल्कि परिस्थितियों व विकास कार्यों को करीब से देखकर सीखना होना चाहिए।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वहां दीक्षांत समारोह की परंपरा शुरू कराई गई और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों की पढ़ाई के लिए नजदीक में विद्यालय व छात्रावास बनवाए गए, जिससे शिक्षा के प्रसार के साथ नक्सलवाद को समाप्त करने में मदद मिली। संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में किसी प्रकार का शोषण नहीं होना चाहिए और युवाओं को वंचित परिवार के बच्चों को शिक्षित कर आगे बढ़ाने का कर्तव्य निभाना चाहिए। उन्होंने पंजाब के जवानों के देशप्रेम, असम के लोगों की जुझारूपन व सांस्कृतिक विरासत, कर्नाटक व बेंगलुरु के आईटी, तकनीक व शोध में योगदान, ओडिशा के समुद्र तट, जगन्नाथ पुरी व सांस्कृतिक-आध्यात्मिक परंपराओं तथा दिल्ली के राष्ट्रीय महत्व पर विचार रखते हुए कहा कि जाति-पाति व भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
स्वरोजगार के विषय में राज्यपाल जी ने कहा कि केवल सरकारी नौकरी के पीछे न भागकर युवाओं को स्वयं रोजगार स्थापित करना चाहिए और दूसरों को भी रोजगार देना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में कौशल विकास के प्रयासों, श्रीमती अनारबेन पटेल द्वारा ग्रामश्री व क्राफ्टरूट्स के माध्यम से लगभग 80 हजार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा बीज व वन उत्पाद एकत्रित कर किसानों तक पहुंचाने वाली पद्मश्री सम्मानित आदिवासी महिलाओं के योगदान का उल्लेख किया। आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडिकल संस्थानों के साथ बैठक में संस्थानों ने आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेकर स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा, योग व रचनात्मक गतिविधियां चलाने पर सहमति दी है। अंत में उन्होंने युवाओं से अधिकारों के साथ कर्तव्यों व पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने, नकारात्मक सोच से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

