संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट: टाइम्स ऑफ इंडिया लगातार दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल में

Anoop

November 21, 2026

राजीव श्रीवास्तव की सधी गेंदबाजी के आगे 114 रन पर सिमटी अमर उजाला की पारी, 33 रन पर गिरे थे पांच विकेट

देवेश पांडेय की नाबाद 77 रन की पारी व अब्बास रिजवी के साथ शतकीय साझेदारी से मिली आसान जीत

लखनऊ: राजीव श्रीवास्तव (3 विकेट) की उपयोगी गेंदबाजी के बाद देवेश पांडेय (77) व अब्बास रिजवी (36) की शानदार पारियों की बदौलत टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में अमर उजाला को नौ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के तहत केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अमर उजाला की टीम 19.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। टीम ने महज 33 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। अमर उजाला की ओर से अनुराग बाजपेयी (23), अनुज कुमार (22) और शुभम बंसल (11) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए राजीव श्रीवास्तव ने तीन विकेट चटकाए, जबकि इश्तियाक रजा और मोहसिन उस्मानी ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए टाइम्स ऑफ इंडिया ने 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर 115 रन बनाते हुए आसान जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज देवेश पांडेय ने 45 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 77 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनका साथ देते हुए अब्बास रिजवी ने 36 गेंदों पर चार चौकों की सहायता से 36 रन बनाए।

दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 106 रन की शतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और आसान जीत दिला दी। अमर उजाला की तरफ से एकमात्र सफलता राजीव आनंद को मिली।

टाइम्स ऑफ इंडिया के देवेश पांडेय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ खेल पत्रकार अनंत मिश्रा ने प्रदान किया। टूर्नामेंट के अंतर्गत केडी सिंह बाबू स्टेडियम में रविवार को दूरदर्शन और दैनिक जागरण के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *