जल संकट व नदियों के संरक्षण को लेकर जयनारायण महाविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित; विशेषज्ञों ने रखे विचार
पर्यावरणविद् सुरेश भाई ने हिमालय के लिए पृथक विकास मॉडल व घोषणा पत्र में जल संरक्षण शामिल करने की उठाई मांग
लखनऊ: अमेठी जल बिरादरी द्वारा संचालित पांच दिवसीय जल साक्षरता अभियान यात्रा लखनऊ पहुंची, जिसके तहत जयनारायण महाविद्यालय, चारबाग में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरणविद् व रक्षा-सूत्र आंदोलन के प्रणेता सुरेश भाई ने कहा कि राजनीतिक दलों के घोषणा पत्र में जल की अविरलता और निर्मलता का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए तथा उत्तराखंड से निकलने वाली गंगा-यमुना के उद्गम क्षेत्र में आपदा व जलवायु परिवर्तन के असर से मैदानी इलाकों को बचाने के लिए हिमालय का पृथक विकास मॉडल बनाना आवश्यक है।
मुख्य वक्ता पानी पत्रकार अरुण तिवारी ने बढ़ते जल संकट के बीच युवाओं में जल संरक्षण की समझ व प्रेरणा पर जोर देते हुए अमेठी, रायबरेली व कानपुर के शिक्षण संस्थानों में जल साक्षरता इकाइयों के गठन की सराहना की। वहीं ‘मैं तुम्हारी गोमती हूं’ अभियान से जुड़े सुशील सीतापुरी ने नदियों और संस्कृति के अंतर्संबंध का जिक्र करते हुए कहा कि हरदोई के धोबिया गांव के भूगर्भ जलस्रोत पूरे साल गोमती के लिए संजीवनी का काम करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्ष आकाशवाणी की पूर्व कार्यक्रम प्रमुख मीनू खरे ने विक्रम-बेताल संवाद के जरिए नदियों की दुर्दशा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब नदियां सरकारी नक्शों में नदी, शहर के नक्शों में नाला और बिल्डरों के नक्शों में प्लॉट बन जाएं तो उनका पुनर्जीवन कैसे संभव होगा।
अमेठी जल बिरादरी के संयोजक व भूगोलवेत्ता डॉ. अर्जुन पाण्डेय ने विद्यार्थियों से स्थानीय भूगोल का दस्तावेजीकरण करने तथा शासन-प्रशासन, एनएसएस और एनसीसी इकाइयों से जमीनी स्तर पर क्षेत्र को पानीदार बनाने की अपील की। डॉ. अंशुमाली शर्मा के संयोजन में हुए आयोजन में प्राचार्य डॉ. ए के शर्मा ने आभार जताया, जबकि अमर बहादुर सिंह, रत्नेश कुमार गौतम, सुनील कुमार वाजपेयी, डॉ. रूबी राज सिन्हा, बृजेश द्विवेदी, अभिमन्यु कुमार पांडेय व शिवम तिवारी समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

