बाल दिवस पर इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला में विज्ञान और खगोल विज्ञान से रूबरू हुए 3500 विद्यार्थी

Anoop

November 14, 2026

सूर्य के प्रत्यक्ष अवलोकन और खगोलीय गतिविधियों से रूबरू हुए 3500 विद्यार्थी; हुईं चित्रकला व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं

बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तार्किक चिंतन विकसित करना आज की मुख्य आवश्यकता: निदेशक रमेश चन्द्र

लखनऊ। बाल दिवस के अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ में विद्यार्थियों के लिए विशेष वैज्ञानिक, शैक्षिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें 14 विद्यालयों के लगभग 3500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर विज्ञान और खगोल विज्ञान की दुनिया को करीब से जाना।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जनभागीदारी बढ़ाने तथा बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के प्रयासों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर विज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर दिया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार के कुशल मार्गदर्शन में विभाग प्रदेश में वैज्ञानिक चेतना के प्रसार और नई पीढ़ी को विज्ञान से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्यरत है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रातः 8 बजे से आयोजित सूर्य का दूरबीन से प्रत्यक्ष अवलोकन रहा, जहाँ विशेष सौर दूरबीनों एवं सुरक्षित उपकरणों की सहायता से बच्चों ने सूर्य की सतह पर दिखने वाले सौर कलंक (सनस्पॉट्स), सौर तंतु (सोलर फिलामेंट्स) और सौर प्रोमिनेंस जैसी घटनाओं की जानकारी प्राप्त की। यू.पी. एमेच्योर एस्ट्रोनॉमर्स क्लब के सदस्यों ने विद्यार्थियों को दूरबीनों के उपयोग, सौर गतिविधियों और खगोलीय घटनाओं की वैज्ञानिक जानकारी देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इसके अलावा बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक अभिरुचि को बढ़ावा देने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, खगोल विज्ञान प्रश्नोत्तरी तथा दूरबीनों के माध्यम से रात्रिकालीन आकाश दर्शन का भी आयोजन किया गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के निदेशक एवं सचिव श्री रमेश चन्द्र ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और जिज्ञासा विकसित करना आज की आवश्यकता है, क्योंकि आज के जिज्ञासु बच्चे ही कल के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और नवप्रवर्तक बनेंगे। विभाग का मुख्य प्रयास अधिक से अधिक विद्यार्थियों को वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़कर उनमें नवाचार और अनुसंधान की भावना को विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *