वनटांगिया ग्राम में 82 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
अयोध्या दीपोत्सव में देश-विदेश के रामलीला कलाकारों और विजेताओं को मिला सम्मान
गोरखपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर जनपद गोरखपुर के वनटांगिया ग्राम जंगल तिकोनिया नम्बर-3 में 82 करोड़ रुपये की लागत से कुल 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड और प्रमाण पत्र वितरित किए।
प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन के बाद वे वनटांगिया गांव के लोगों के साथ इस पर्व को मनाने आए हैं। उन्होंने कहा कि पर्व अपनी खुशियों को दूसरों के साथ साझा करने का संदेश देते हैं। आजादी के बाद से लंबे समय तक उपेक्षा और अभाव का जीवन जीने वाले वनटांगिया गांवों को वर्ष 2017 के बाद राजस्व गांव के रूप में मान्यता दी गई। आज यहां पक्की सड़कें, बिजली, पेयजल, विद्यालय, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे इन परिवारों के जीवन में वास्तविक ‘रामराज्य’ की खुशहाली आई है।
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि वनटांगिया बस्तियों में 770 आवासों का निर्माण कराने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने समाज से नशे और जुए जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सरकार माफिया और नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के रामकथा पार्क में 10वें दीपोत्सव के अवसर पर देश-विदेश से आए रामलीला कलाकारों, सांस्कृतिक दल प्रमुखों और पर्यटन विभाग की विभिन्न प्रतियोगिताओं (पेंटिंग व रील मेकिंग) के विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान असम, लाओस, श्रीलंका, केरल, पश्चिम बंगाल और दक्षिण अफ्रीका से आए सांस्कृतिक दलों के प्रमुखों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनकी कला व योगदान की सराहना की गई।

