एक्सप्रेसवे पर प्रवेश से पहले चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य
नशे में धुत्त चालकों और गति सीमा के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर हुए भीषण बस हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर अब वाहन चालकों की फिटनेस और नशे की जांच अनिवार्य करने की तैयारी की जा रही है। एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने से पहले चालक का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और यह भी जांचा जाएगा कि उसने किसी मादक पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है। जांच के बाद ही चालकों को वाहन आगे ले जाने की अनुमति दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस संबंध में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, परिवहन आयुक्त, यूपीसीडा के सीईओ और यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराने और नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर एक बस 40 फीट गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें तीन यात्रियों की मौत हो गई थी और 40 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर उठे गंभीर सवालों के बीच राज्य सरकार ने प्रदेशभर के एक्सप्रेसवे पर चालकों की फिटनेस, नशे की जांच और गति सीमा के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर यह सख्त कदम उठाया है।

