अमित शाह की बैठक में विधायकों के रिपोर्ट कार्ड और जीत के रोडमैप पर होगी चर्चा
बीजेपी युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में यूपी के इन युवा चेहरों को मिली जगह
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 30 अक्तूबर को दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वह पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करने के साथ-साथ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी मुख्य रूप से शामिल होंगे।
इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री (केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक), भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सभी सह-प्रभारी, यूपी के केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मौजूद रहेंगे।
विधायकों का रिपोर्ट कार्ड और चुनाव का रोडमैप होगा तैयार
दौरे के दूसरे दिन अमित शाह पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संगठन की तैयारियों और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान वर्तमान विधायकों का रिपोर्ट कार्ड भी उनके सामने रखा जा सकता है, जिसके आधार पर भविष्य में टिकट वितरण और चुनावी रणनीति तय होगी। शाह पार्टी नेताओं को जीत का नया रोडमैप देने के साथ-साथ उनके दायित्वों को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी करेंगे। इसके अलावा, प्रदेश के मौजूदा सियासी माहौल और जिला स्तर के संगठनात्मक कामकाज की भी गहन समीक्षा की जाएगी।
भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में यूपी के कई चेहरों को मिली जगह
दूसरी ओर, बीजेपी युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तर प्रदेश के कई युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। देवरिया निवासी और अब तक अवध क्षेत्र के युवा मोर्चा अध्यक्ष रहे निखिल मणि तिवारी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। उनके साथ ही अयोध्या निवासी प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। मेरठ के विनीत वत्स त्यागी को कोषाध्यक्ष, जबकि मऊ के शक्ति सिंह, प्रयागराज के शैलेंद्र मौर्या और नोएडा के सतेंद्र अवाना को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है।

