2,200 किमी का सफर तय कर 10 दिनों तक पुलिस को देती रही चकमा
पूछताछ और मेडिकल जांच की प्रक्रिया बाद आज लखनऊ कोर्ट में पेश किया जाएगा
लखनऊ: कारोबारी शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में नागपुर से गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को पुलिस बुधवार को लखनऊ लेकर पहुंच गई है। तीनों आरोपियों को हजरतगंज कोतवाली लाया गया है, जहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मेडिकल जांच के बाद तीनों को आज लखनऊ कोर्ट में पेश करेगी।
10 दिन की फरारी और 2200 किमी का सफर
पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए श्रद्धा ने अपनी बहन और ड्राइवर के साथ करीब 2,200 किलोमीटर का सफर तय किया और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को 10 दिनों तक चकमा देती रही। इस दौरान वे नेपाल भागने की फिराक में थीं और नेपाल के बुटवल व बहराइच बॉर्डर के पास भी उनके छिपे होने की जानकारी सामने आई थी।
इस हाई-प्रोफाइल मामले का पूरा घटनाक्रम सिलसिलेवार
बीते 9 अक्टूबर को हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी, जिसके अगले दिन यानी 10 अक्टूबर को शिवा की मां की शिकायत पर हजरतगंज थाने में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक दानिश, आदिल और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और उनकी गाड़ी बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर के पास लावारिस पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए 13 से 15 अक्टूबर के बीच पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया, इस दौरान सोशल मीडिया पर श्रद्धा के कुछ वीडियो भी सामने आए जिनमें उसने खुद को निर्दोष बताया।
जांच आगे बढ़ने पर 17 अक्टूबर को कोर्ट से आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए और लापरवाही मिलने पर हजरतगंज इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया गया, जिसके बाद 18 अक्टूबर को आरोपियों पर इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी गई और डीसीपी मध्य को भी उनके पद से हटा दिया गया। पुलिस और यूपी एसटीएफ की लगातार दबिश के बीच 19-20 अक्टूबर को पुलिस ने रायबरेली स्थित श्रद्धा के घर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की और अंततः 20 अक्टूबर को नागपुर से श्रद्धा, रश्मि और दानिश को गिरफ्तार कर लिया गया।

