राष्ट्रपिता की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय गांधी भवन का समारोह बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता से हुआ विदा
समारोह में शामिल बच्चों ने नृत्य गायन व चित्रकला में बापू के विचारों और संदेशों का किया प्रचार-प्रसार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश गांधी स्मारक निधि, गांधी भवन, लखनऊ के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती समारोह के तीसरे दिन 4 अक्टूबर 2026 को बच्चों की प्रेरणादायक नृत्य प्रतियोगिता हुई। कैसरबाग स्थित गांधी भवन में आयोजित समारोह में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभा दिखाई।
इस अवसर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं प्रोत्साहन के लिए आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में राजधानी के प्रतिष्ठित विद्यालयों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक श्री देवेंद्र नाथ पांडेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ पांडेय ने कहा, “राष्ट्रनिर्माण में महात्मा गांधी के अतुलनीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाना हम सभी का परम कर्तव्य है। गांधी भवन में आयोजित ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को बापू के आदर्शों, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि गांधी जी के जीवन मूल्यों को हमें अपने दैनिक जीवन में भी उतारना चाहिए।”
प्रतियोगिता में सी.टी. मोंटेसरी स्कूल की समस्त शाखाओं, अवध एकेडमी इंटर कॉलेज, द ऑफ पब्लिक स्कूल (डालीगंज), फ्लोरेंस नाइटिंगेल इंटर कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल, यूनिक कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेन लर्न स्कूल (जोशी टोला), नारी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, बप्पा श्री वोकेशनल इंटर कॉलेज, नवयुग रेडियंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा श्री जयनारायण मिश्र इंटर कॉलेज सहित लगभग 75 विद्यालयों के 1,000 से अधिक बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

प्रतिभागियों के उत्कृष्ट नृत्य प्रदर्शन का मूल्यांकन भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय के प्रो मोहित कपूर एवं डॉली तिवारी ने किया। संस्था के वरिष्ठ कर्मचारी सदानंद, लक्ष्मण प्रसाद, रविशंकर एवं डिम्पल सिंह का विशेष योगदान रहा। अंत में संस्था के सचिव लाल बहादुर राय ने आए हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं बच्चों का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।
उत्तर प्रदेश गांधी स्मारक निधि, गांधी भवन, लखनऊ का तीन दिवसीय 157वां गांधी जयन्ती समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह की शुरुआत 2 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क में बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के साथ हुई थी।

