अंबेडकरनगर में 30 वर्षीय सिपाही संदीप की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जिससे उनकी छह माह की बेटी अनाथ हो गई
आगामी अक्टूबर में होने वाली छोटी बहन की शादी की खुशियां भाई की मौत की खबर आते ही मातम में तब्दील हो गईं और विदा कराने वाले इकलौते भाई की ही अर्थी उठ गई
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर पुलिस लाइन में तैनात 30 वर्षीय सिपाही संदीप कुमार की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो बहनों के बीच इकलौते भाई संदीप की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर की तमाम खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गईं। ढाई साल पहले संदीप का विवाह रंजना से हुआ था और उनकी छह माह की एक छोटी मासूम बेटी भी है।
आगामी अक्टूबर माह में संदीप की छोटी बहन की शादी तय हुई थी, जिसको लेकर पूरा परिवार तैयारियों में जुटा हुआ था। संदीप भी हाल ही में अपनी बहन की शादी के प्रबंधों में हाथ बटाने और पत्नी-बेटी से मिलने घर आए थे। जिस भाई को कुछ दिनों बाद बहन की डोली को कंधे पर उठाकर विदा करना था, अचानक उसी इकलौते भाई की अर्थी उठने से पत्नी, मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के कारणों का फिलहाल पूरी तरह से खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही संदीप का मोबाइल फोन लॉक मिला है। पुलिस मोबाइल का लॉक खुलवाकर कॉल डिटेल्स और चैट की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से ठीक पहले संदीप की बातचीत किससे हुई थी। पुलिस सभी संभावित कानूनी एवं तकनीकी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है।

