लखनऊ में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहन और PRV वैन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

Anoop

September 11, 2026

लखनऊ के जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने न्यायालय परिसर से प्रचार वाहनों और पी०आर०वी० वैन की रवाना

जनपद न्यायाधीश ने लखनऊ के सभी नागरिकों और अधिवक्ताओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया

लखनऊ: जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) श्री मलखान सिंह ने शुक्रवार को न्यायालय प्रांगण से उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा भेजे गए प्रचार वाहन और पी०आर०वी० (PRV) वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद लखनऊ की समस्त तहसीलों, ब्लॉकों और दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में जाकर आम जनमानस को राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्यों, उपयोगिता और इससे मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक करेगा।

माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में 12 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय लखनऊ, पारिवारिक न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, स्थायी लोक अदालत, श्रम न्यायालय, वाणिज्यिक न्यायालय, कलेक्ट्रेट तथा सभी तहसीलों सहित विभिन्न आयोगों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि इस लोक अदालत के जरिए मुकदमों के त्वरित और सुलभ निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर समस्त न्यायिक अधिकारीगण, सिविल जज (सी०डि०)/सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, पुलिस उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी किरन यादव, पैनल अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक तथा न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद न्यायाधीश श्री मलखान सिंह ने लखनऊ के सभी नागरिकों, अधिवक्ताओं और समाजसेवियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित अदालती मामलों और चक्करों से मुक्ति पाने का यह एक बेहद सुलभ और स्वर्णिम अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *