एनसीसी थल सैनिक कैंप: लखनऊ ग्रुप की गर्ल्स टीम ने बरेली में लहराया परचम, जीती शूटिंग चैंपियंस ट्रॉफी

Anoop

August 4, 2026

एनसीसी ग्रुप लखनऊ की थल सैनिक कैंप गर्ल्स टीम ने बरेली में हुई इंटर ग्रुप चैंपियनशिप में

टीएससी गर्ल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शूटिंग प्रतियोगिता की चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया

लखनऊ। एनसीसी ग्रुप लखनऊ की थल सैनिक कैंप (टीएससी) गर्ल्स टीम ने बरेली में आयोजित दस दिवसीय इंटर ग्रुप चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए शूटिंग प्रतियोगिता की चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के अंतर्गत आने वाले 11 एनसीसी ग्रुपों की टीमों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया था, जिसमें लखनऊ ग्रुप की बालिका टीम ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए शूटिंग चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की।

इस सफलता के पीछे कैडेटों का कड़ा अभ्यास रहा। लखनऊ छावनी स्थित 11 गोरखा राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर (11GRRC) के शॉर्ट फायरिंग रेंज में पिछले दो महीनों से 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल (डॉ) दिनेश कुमार पाठक के दिशा-निर्देशन में नियमित फायरिंग अभ्यास कराया जा रहा था। टूर्नामेंट के दौरान बालिका कैडेटों ने शूटिंग के अलावा ऑब्स्टेकल टास्क, हेल्थ एंड हाइजीन, मैप रीडिंग, जजिंग डिस्टेंस व फील्ड सिग्नल्स तथा सर्विस विषयों की लिखित परीक्षाओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में कैडेटों ने व्यक्तिगत स्तर पर भी पदक जीतकर अपनी छाप छोड़ी। फायरिंग प्रतियोगिता में 63 यूपी बटालियन एनसीसी की जूनियर विंग कैडेट जिज्ञासा शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की जूनियर विंग कैडेट हिमानी ने स्नैप फायर में स्वर्ण पदक जीता। वहीं 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की सीनियर विंग कैडेट अयुष्मिता पटेल ने स्नैप फायर में रजत पदक तथा जेडी एंड एफएस प्रतियोगिता में कैडेट अनन्या तिवारी ने रजत पदक अपने नाम किया।

इस बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर अब चयनित कैडेटों को अगले स्तर के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जहां वे दिल्ली में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय थल सैनिक कैंप (AITSC) में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। जीत दर्ज कर लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पहुंची पूरी टीम का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *