‘रंगभारती’ संस्था सजाई पार्श्व गायक और अभिनेता किशोर कुमार की 97वीं जयंती पर एक शाम
रवींद्रालय प्रेक्षागृह, चारबाग में ‘एक शाम किशोर कुमार के नाम’ शीर्षक से किया आयोजन
लखनऊ। ‘रंगभारती’ संस्था ने भारतीय सिनेमा के मशहूर पार्श्वगायक एवं अभिनेता किशोर कुमार की 97वीं जयंती के पर रवींद्रालय प्रेक्षागृह, चारबाग में ‘एक शाम किशोर कुमार के नाम’ शीर्षक भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की। वर्ष 1957 से अनवरत आयोजित हो रहे इस वार्षिक समारोह में रंगभारती के मशहूर ‘सप्तरंग ऑर्केस्ट्रा’ के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किशोर कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे फिल्म जगत के अद्भुत एवं जीनियस कलाकार थे, जिनकी श्रेष्ठता का कोई सानी नहीं है। उन्होंने विगत 69 वर्षों से इस आयोजन को सफलतापूर्वक जारी रखने के लिए ‘रंगभारती’ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार श्याम कुमार के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां किसी भी राष्ट्र का प्राणतत्व होती हैं और किशोर कुमार अपने कालजयी गीतों के माध्यम से सदैव अमर रहेंगे। समारोह में संस्कृति निदेशक संजय कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता व समाजसेवी सुधीर हलवासिया और प्रख्यात शास्त्रीय गायक विनोद कुमार द्विवेदी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

संगीत संध्या का आगाज और समापन किशोर दा के सदाबहार गीतों से हुआ। गायक कलाकारों में जमाल, कृष्ण कुमार, रूपा तिवारी, विजय थापा, स्मृति, नंदिनी, पद्मा गिडवानी, आशीष निगम, सुनील, जया श्रीवास्तव, लक्ष्मीकांत और उमेश त्रिपाठी ने ‘ऐ खुदा हर फैसला’, ‘कोई हसीना जब रूठ जाती है’, ‘मेरे नैना सावन-भादों’, ‘छूकर मेरे मन को’ और ‘पल-पल दिल के पास’ जैसे एक से बढ़कर एक एकल व युगल गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का समापन सभी कलाकारों द्वारा सामूहिक स्वर में गाए ‘चलते-चलते मेरे ये गीत याद रखना’ से हुआ।
ऑर्केस्ट्रा में गुड्डू श्रीवास्तव (पैड व सैम्पलर), सुनील वर्मा (तुंबा व बांगो), संजय चौहान (नाल, कांगो), विपिन (गिटार), विकास सक्सेना (ड्रम), अनूप सिंह (बेस गिटार) और अभिजित वर्मा (ऑर्गन) ने संगीतमय धुनें बिखेरीं। कार्यक्रम का कुशल व रोचक संचालन विख्यात एंकर सुनील शान ने किया, जबकि हास्य कलाकार राजेंद्र विश्वकर्मा ‘हरिहर’ ने अपने हास्य व्यंग्य से दर्शकों को खूब हंसाया।

समारोह के प्रारंभ में ‘रंगभारती’ के अध्यक्ष एवं ‘सप्तरंग ऑर्केस्ट्रा’ के निर्देशक श्याम कुमार ने अतिथियों व गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया और किशोर कुमार की गायकी की तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और संगीतप्रेमी उपस्थित रहे।

