उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल, 13 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले

Anoop

August 4, 2026

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया बड़ा कदम

13 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों (IAS) का स्थानांतरण कर विभागों में नए शीर्ष अधिकारियों की तैनाती की

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन ने 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला करते हुए कई मंडलों के मंडलायुक्त, प्रमुख विभागों के सचिव और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

जारी आदेश के तहत अनिल ढींगरा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का नया आवास आयुक्त बनाया गया है, साथ ही उन्हें निदेशक नगर भूमि सीमारोपण तथा सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, मंडलायुक्तों के स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल, वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल, डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल तथा शुभम कुमार को बरेली मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।

अन्य प्रमुख तैनातियों में प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक, सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त तथा संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव प्रशासनिक सुधार विभाग, पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव पद पर तैनात किया गया है, जबकि आईएएस रविन्द्र को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *