पहले सीजन की शानदार सफलता के बाद ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ अब दूसरे संस्करण के लिए तैयार
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की ओर से एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट करायेगा आयोजन
लखनऊ। पहले सीजन की शानदार सफलता के बाद ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ अब अपने दूसरे संस्करण के लिए पूरी तरह तैयार है। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित लीग का दूसरा सीजन जनवरी 2027 में राजधानी लखनऊ में खेला जाएगा।
शुक्रवार को आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्य अतिथि एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय (कार्यकारी निदेशक-हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया व सीईओ- यूपीपीएचएल ने आधिकारिक रूप से लीग के लोगो का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों के 10 उत्कृष्ट अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।
पहली बार शामिल होगी लखनऊ की टीम, बढ़ेगी इनामी राशि लीग के दूसरे सीजन को और अधिक भव्य, प्रतिस्पर्धी और पेशेवर रूप देने के लिए टीमों की संख्या 6 से बढ़ाकर 8 कर दी गई है। इसमें पहली बार मेजबान लखनऊ की टीम भी अपना दमखम दिखाएगी। प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹2.50 लाख और उपविजेता टीम को ₹1.50 लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, आइकॉनिक ओलंपिक गेम्स अकादमी की ओर से दोनों फाइनलिस्ट टीमों को ₹50-50 हजार का विशेष पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा, जिससे विजेता टीम को कुल ₹3 लाख का इनाम मिलेगा।

पारदर्शी चयन और मजबूत इकोसिस्टम पर जोर समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल का एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक टीम में कुल 18 खिलाड़ी शामिल होंगे, जिनमें 9 खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के और 9 खिलाड़ी अन्य राज्यों व खेल विभागों के होंगे। खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया से होगा ताकि प्रदेश और देश भर की नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचने का समान अवसर मिल सके।

