लखनऊ में पेपर लीक के खिलाफ युवाओं का हल्लाबोल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठे अभिजीत दीपके

Anoop

June 12, 2026

ईको गार्डेन में पेपर लीक के खिलाफ युवाओं का हल्लाबोल

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी

लखनऊ राजधानी के ईको गार्डेन में शुक्रवार को पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ युवाओं का बड़ा हुजूम उमड़ पड़ा। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

भीड़ में फंसे सीजेपी संस्थापक, फिर संभाला मोर्चा देशव्यापी आंदोलन के तहत लखनऊ पहुंचे सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके जैसे ही ईको गार्डेन पहुंचे, वह प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ के बीच घिर गए। हालांकि, कुछ देर बाद उन्होंने युवाओं को संबोधित किया और सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार को तुरंत शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लेना चाहिए। संबोधन के बाद अभिजीत दीपके छात्रों के साथ धरने पर बैठ गए।

प्रशासन मुस्तैद, आरएएफ और पुलिस बल तैनात युवाओं के इस बड़े आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे थे। ईको गार्डेन और उसके आस-पास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की टीमों को तैनात किया गया था। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग भी की थी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

दिल्ली के बाद अब देशव्यापी आंदोलन की तैयारी प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह आंदोलन दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुए देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है। दिल्ली और पुणे में सफल प्रदर्शन के बाद अब लखनऊ में आवाज बुलंद की गई है। इसके बाद संगठन का अगला पड़ाव अमृतसर और बेंगलुरु होगा, जबकि 20 जून को एक बार फिर दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विशाल और निर्णायक प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *