सोशल मीडिया पर सनसनी अभिजीत दीपके भी होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से शामिल होंगे लाखों युवा स्टूडेंट्स
लखनऊ। देश में हाल ही में हुए परीक्षाओं के पेपर लीक और कथित अनियमितताओं के विरोध में कल यानी 12 जून को राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में एक विशाल ‘युवा आक्रोश प्रदर्शन’ आयोजित किया जा रहा है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) द्वारा बुलाए गए इस आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर युवाओं का भारी समर्थन मिल रहा है।
इस प्रदर्शन की सबसे बड़ी खासियतों में से एक सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुए आंदोलन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की भागीदारी है। अभिजीत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा कर खुद इस बात की पुष्टि की है।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि “12 जून को हम उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेपर लीक के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने आ रहे हैं। मेरी सभी सजग नागरिकों और युवाओं से अपील है कि वे भारी संख्या में ईको गार्डन पहुंचकर छात्रों के इस संघर्ष को ताकत दें।”
मुख्य रूप से ‘NEET’ गड़बड़ी पर रहेगा ध्यान
आइसा लखनऊ के अध्यक्ष शांतम निधि ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य केंद्र बिंदु हाल ही में विवादों में रही NEET परीक्षा प्रक्रिया और उसके पेपर लीक से जुड़े मामले हैं। छात्र संगठनों का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया ने लाखों होनहार युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया है।
प्रदर्शनकारी छात्रों की 4 प्रमुख माँगें हैं कि निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांचहो। पेपर लीक मामले की समयबद्ध और पूरी तरह से पारदर्शी जांच की जाए। दोषियों पर कठोर कार्रवाई करते हुए मांग है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने वाले और इसमें संलिप्त सभी बड़े चेहरों व दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। भविष्य में होने वाली सभी परीक्षाओं और भर्तियों के लिए एक फूलप्रूफ और पारदर्शी नीति सुनिश्चित हो। देश और प्रदेश के युवाओं को रोजगार के पुख्ता अवसर और सुरक्षा की कानूनी गारंटी दी जाए।

