लखनऊ में भारत-अफगानिस्तान वनडे का रोमांच, इकाना में तैयारियां अंतिम दौर में

Anoop

June 4, 2026

भारत-अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले

17 जून को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में

लखनऊ। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले के लिए नवाबों की नगरी लखनऊ पूरी तरह तैयार है। 17 जून को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि मुकाबले के सफल आयोजन के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। धर्मशाला में पहला वनडे खेलने के बाद भारतीय टीम 15 जून की शाम तक लखनऊ पहुंच जाएगी। वहीं, अफगानिस्तान की टीम के भी इसी दिन राजधानी पहुंचने की संभावना है। दोनों टीमें 16 जून को इकाना स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस और अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।

यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला ने बताया कि जून की भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए इस बार दर्शकों की सुविधा का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। स्टेडियम परिसर में आने वाले सभी खेल प्रेमियों के लिए मुफ्त पेयजल (फ्री ड्रिंकिंग वॉटर) की व्यवस्था की जाएगी, ताकि चिलचिलाती धूप और गर्मी में उन्हें किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

₹599 से शुरू होगी टिकटों की कीमत

मैच के टिकटों की दरों का खुलासा करते हुए उन्होंने बताया कि आम दर्शकों के लिए शुरुआती टिकट की कीमत 599 रुपये तय की गई है। वहीं, प्रीमियम श्रेणी के टिकटों की कीमत 25,000 रुपये तक होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टिकटों के दाम मांग और उपलब्धता के आधार पर बदल सकते हैं।

यूपीसीए के मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम ने एसोसिएशन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लखनऊ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की शानदार मेजबानी के लिए तैयार है। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और 17 जून को स्टेडियम में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *