रामाश्रय सिंह स्मारक टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट: लखीमपुर को 3 विकेट से हराकर एकलव्य क्लब लखनऊ बना चैंपियन

Anoop

June 4, 2026

लखनऊ की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर लखीमपुर की टीम को 3 विकेट से शिकस्त दी

अगले वर्ष अंडर-16 की 16 टीमों के बीचएक भव्य प्रतियोगिता के आयोजन की घोषणा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आयोजित डॉ. रामाश्रय सिंह स्मारक टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब एकलव्य क्लब (लखनऊ) ने अपने नाम कर लिया है। रोमांचक फाइनल मुकाबले में लखनऊ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए लखीमपुर की टीम को 3 विकेट से शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखीमपुर की शुरुआत बेहद खराब रही। पूरी टीम 18 ओवरों में महज 111 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आदित्य राय ने सर्वाधिक 22 रन और अर्पित गौर ने 10 रनों का योगदान दिया।

एकलव्य लखनऊ की तरफ से घातक गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद रेहान और राघव निगोटिया ने 3-3 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। 112 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 11.3 ओवरों में ही 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लखनऊ की ओर से ईशान गुप्ता ने महज 10 गेंदों में 26 रनों की आतिशी पारी खेली, जबकि मोहम्मद रेहान ने 26 गेंदों पर 29 रन बनाए।

लखीमपुर के गेंदबाज हर्षित गौर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए लखनऊ के 4 बल्लेबाजों को आउट कर मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। टूर्नामेंट के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न मुख्य खिताबों और पुरस्कारों से नवाजा गया। इसके तहत प्रतियोगिता की चमचमाती विजेता ट्रॉफी एकलव्य क्लब, लखनऊ को प्रदान की गई, जबकि उपविजेता ट्रॉफी लखीमपुर की टीम के हिस्से में आई।

व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो लखीमपुर के हर्षित गौर ने अपने ऑलराउंड खेल की बदौलत न सिर्फ ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का सर्वोच्च खिताब जीता, बल्कि उन्हें टूर्नामेंट का ‘बेस्ट बॉलर’ भी चुना गया। इसके अतिरिक्त, लखीमपुर के ही आदित्य राय को ‘बेस्ट बैट्समैन’ और लखनऊ के राजवीर सिंह को ‘बेस्ट फील्डर’ के खिताब से सम्मानित किया गया।

अंडर-16 की बड़ी प्रतियोगिता का ऐलान

टूर्नामेंट का समापन एवं पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि राम नवल सिंह (पूर्व आईएएस) और अजय दीप सिंह (पूर्व आईएएस) के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता विजय विक्रम सिंह उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि अजय दीप सिंह ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इसी ग्राउंड पर अंडर-16 की 16 टीमों के बीच एक भव्य प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा। समारोह में आईसीसी (ICC) क्रिकेट कोच शानू काजमी को भी मुख्य अतिथि द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन अखिल भारतीय स्वदेशी खेल एसोसिएशन के सेक्रेटरी जनरल ए.के. सक्सेना ने किया। खेल के इस महाकुंभ के अवसर पर प्रभाकर सिंह, दिनेश चन्द्र, कृष्णावतार गुप्ता, सुनील सिंह तोमर, दिनेश शर्मा (एडवोकेट), मुन्ना लाल यादव, चैतन्य अग्रवाल, राजन मिश्रा, निगहत खान, अर्शी रजा, मुकेश वार्ष्णेय समेत भारी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ समाज सेवी प्रभाकर सिंह ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *