यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 206 पीपीएस अधिकारियों के तबादले, लखनऊ कमिश्नरेट में भारी उलटफेर; 3 पीसीएस भी बदले

Anoop

June 4, 2026

उत्तर प्रदेश शासन और डीजीपी मुख्यालय ने प्रशासनिक व्यवस्था दुरुस्त  के लिए किए तबादले  

डिप्टी एसपी रैंक के 206 प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन और डीजीपी मुख्यालय ने प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए राज्य में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के तहत डिप्टी एसपी रैंक के 206 प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इसके साथ ही, शासन ने तीन प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों की जिम्मेदारी में भी बदलाव किया है। इस बड़े फेरबदल का मुख्य असर राजधानी लखनऊ में देखने को मिला है, जहाँ करीब एक दर्जन पुलिस अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है।

मुख्यमंत्री सुरक्षा और लखनऊ कमिश्नरेट में नए चेहरे

तबादला सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री की सुरक्षा और लखनऊ कमिश्नरेट की टीम में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं:

  • विकास कुमार जायसवाल को लखनऊ कमिश्नरेट से हटाकर मुख्यमंत्री सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
  • वहीं, मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात जितेंद्र कुमार को शाहजहांपुर भेजा गया है।
  • मुख्यमंत्री सुरक्षा से पहले वाराणसी भेजे गए राजेश कुमार सिंह को अब लखनऊ कमिश्नरेट में नई तैनाती मिली है।

इन अधिकारियों को मिली लखनऊ में कमान

कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से कई तेजतर्रार अफसरों को लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और अन्य पदों पर तैनात किया गया है:

  • उदय प्रताप सिंह द्वितीय (गोरखपुर से लखनऊ)
  • गौरव उपाध्याय (महोबा से लखनऊ)
  • शुभम कुमार (अंबेडकरनगर से लखनऊ)
  • शाहिदा नसरीन (कासगंज से लखनऊ)
  • अतुल कुमार पांडेय (रामपुर से लखनऊ)
  • अभिषेक कुमार पांडेय (कानपुर से लखनऊ)
  • प्रतीक दहिया (पीलीभीत से लखनऊ)
  • महेश त्यागी (नोएडा से लखनऊ)

लखनऊ से बाहर भेजे गए अफसर

राजधानी में तैनात कई अधिकारियों को पीएसी (PAC), एटीएस (ATS) और अन्य जिलों में भेजा गया है:

  • अभय कुमार मल्ल को बलरामपुर भेजा गया है।
  • सतीश कुमार राय को 6वीं वाहिनी पीएसी, मेरठ भेजा गया है।
  • शिप्रा पांडेय को डीजीपी मुख्यालय में आईजी कानून-व्यवस्था के कार्यालय में संबद्ध किया गया है।
  • अनुष्का को 4थी वाहिनी पीएसी, प्रयागराज भेजा गया है।
  • अभिनव यादव द्वितीय को एटीएस (ATS) की जिम्मेदारी दी गई है।

तीन पीसीएस अधिकारियों के भी कार्यक्षेत्र बदले

पुलिस महकमे के साथ-साथ शासन ने तीन वरिष्ठ पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले की सूची भी जारी की:

  1. सृष्टि धवन: उप निदेशक, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय।
  2. संतोष कुमार राय: अपर आयुक्त, चित्रकूट धाम मंडल।
  3. आनंद मोहन उपाध्याय: अपर जिलाधिकारी (ADM), कानपुर नगर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *