इको गार्डन में 76 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने नवरात्रि, दीपावली के बाद अब छठ पर्व भी धरना स्थल पर ही मनाया और छठी मइया से न्याय की गुहार लगाई
ओबीसी वर्ग का परिणाम संशोधित कर नियुक्ति देने और आयोगों की संस्तुतियों के अनुपालन की मांग को लेकर सभी कैबिनेट मंत्रियों के दरवाजे दस्तक दी जा चुकी है
लखनऊ: 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 की आरक्षण विसंगति के मामले में न्याय की मांग को लेकर इको गार्डन में अनवरत धरना-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने रविवार को धरना स्थल पर ही छठ पर्व मनाया। पिछले 76 दिनों से आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने घर-परिवार से दूर रहकर नवरात्रि, दशहरा, करवा चौथ, दीपावली, भाई दूज, के बाद अब छठ का त्योहार भी धरना स्थल पर मनाया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने छठी मइया से अपनी न्याय की लड़ाई में सफलता और परिवारों के सुख-समृद्धि की कामना की।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति के कारण प्रभावित अभ्यर्थी पिछले कई वर्षों से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पिछले 76 दिनों से इको गार्डन में अनवरत धरना देकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। इसके साथ ही दस्तक दो अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के समस्त कैबिनेट मंत्रियों के दरवाजे भी दस्तक दिया सभी मंत्रियों ने आश्वासन तो दिया इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग तथा विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भावना समिति द्वारा दिए गए निर्देशों एवं संस्तुतियों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों का परिणाम 150 पूर्णांक में 60 अंक अर्थात 40 प्रतिशत के आधार पर संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए। साथ ही आरक्षण संबंधी विसंगतियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर भी अभ्यर्थी अपने घर-परिवार से दूर रहने को मजबूर हैं। हमारी मांग केवल न्याय और संवैधानिक आरक्षण व्यवस्था के अनुरूप अधिकार प्राप्त करने की है। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हमारा संघर्ष अनवरत जारी रहेगा। न्याय मिलने तक हम अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ते रहेंगे।
छठ पर्व के अवसर पर विनोद प्रजापति, घनश्याम, सतेंद्र, सत्यप्रकाश, मनोज, सुमन, आरती वर्मा, रंजना जायसवाल, राहुल कुमार, आरपी यादव, विजय चौहान, सत्य प्रकाश, कृपाशंकर वर्मा, अमित लोधी, आदित्य कुशवाहा, जितेंद्र कुमार, सच्चिदानंद सहित सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद रहे।

