मुख्यमंत्री योगी ने गोमती तट पर किया छठ पूजन, सैकड़ों महिलाओं ने भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य

Anoop

November 15, 2026

अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा आयोजित छठ पूजा समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल ने शिरकत कर सूर्य देव को अर्घ्य दिया

सूप में फल व पारंपरिक मिष्ठान सजाए सैकड़ों व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को दूध-जल अर्पित किया और संतान की दीर्घायु की कामना की

लखनऊ: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार शाम राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। शाम ढलते ही गोमती तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां सैकड़ों व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया। लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती तट पर अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। उन्होंने छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य और पुष्प अर्पित किए। इस धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं।

सूर्यास्त से काफी पहले ही व्रती महिलाएं अपने परिजनों के साथ घाटों पर पहुंचने लगी थीं। घाट पर चारों तरफ छठ के पारंपरिक गीत गूंज रहे थे और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था। पूजा की तैयारी के लिए किसी ने ईख से आकर्षक मंडप सजाया था, तो किसी ने बांस के सूप में केला, नारियल, गन्ना, पान और पारंपरिक मिष्ठान सजा रखे थे। हाथों में पूजन सामग्री से भरे सूप और सिर पर प्रसाद की टोकरी लिए महिलाओं ने अटूट आस्था के साथ छठी मैया की आराधना की और अपनी संतान की दीर्घायु व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *