कश्यप समाज के 5वें परिचय सम्मेलन में जुटे सैकड़ों परिवार, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित और बोले राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप- सरकार पिछड़ों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध

Anoop

November 15, 2026

दुबग्गा स्थित मेहता मैरिज लॉन में आयोजित सम्मेलन में विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिजनों ने एक-दूसरे का परिचय प्राप्त कर समाज की एकजुटता का संदेश दिया

मुख्य अतिथि राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप की मौजूदगी में शिक्षा व करियर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल व प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया

लखनऊ: कश्यप समाज को एक सूत्र में पिरोने और स्वजातीय बंधुओं के उत्थान के उद्देश्य से ‘कीर्ति कश्यप समन्वय समिति (रजि.)’ एवं ‘भारतीय जलवंशी महासभा लखनऊ’ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य 5वां सामाजिक एवं वैवाहिक परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। दुबग्गा स्थित मेहता मैरिज लॉन में हुए इस गरिमामयी आयोजन में विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर मंच के माध्यम से एक-दूसरे का परिचय प्राप्त किया। समाज के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी मेलजोल बढ़ता है और योग्य जीवनसाथी चुनने में परिवारों को काफी सहूलियत मिलती है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता भारत सरकार के संचार मंत्रालय के पूर्व सदस्य रामगोपाल कश्यप ने की। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य बाबू राम निषाद, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, हरदोई के हरपालपुर ब्लॉक प्रमुख अनोखे लाल कश्यप, कासगंज जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, एडवोकेट विनय कश्यप और सुरेश कश्यप सहित समाज के कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में सरकार की पिछड़ा समाज से संबंधित योजनाओं के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रमुखता से पिछड़ा समाज को निःशुल्क शिक्षा, छात्रवृत्ति, रोजगार परक तकनीकी शिक्षा में प्रवेश और कंप्यूटर ‘ओ’ लेवल की निःशुल्क शिक्षा के लिए लाभ उठाने का मार्गदर्शन दिया। साथ ही वचन दिया कि जो इस संबंध में सहयोग चाहते हैं, सरकार उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि पिछली सरकारों की तुलना में मौजूदा सरकार ने पिछड़ा समाज के बजट को तीन गुना बढ़ा दिया है।

समारोह के दौरान समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शिक्षा और करियर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं को मेडल, सर्टिफिकेट और विशेष अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक मंडल द्वारा आए हुए सभी समाज के अतिथियों और वर्गों के लिए उनके योगदान के वास्ते आभार व्यक्त किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक सीताराम कश्यप, अध्यक्ष सुशील कुमार कश्यप, उपाध्यक्ष विनोद कश्यप, कीर्ति मौरिस ब्यूरो के राजेश कश्यप और भारतीय जलवंशी महासभा के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कश्यप, महामंत्री डॉ. राजमोहन निषाद, कोषाध्यक्ष मीरा कश्यप एवं समस्त जलवंशी समाज का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन अनिल कश्यप व नम्रता ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *