एमओबीसी-259 के समापन पर 121 मेडिकल अधिकारियों ने पूरा किया प्रशिक्षण
33 महिला अधिकारियों समेत 121 अधिकारियों ने लिया युद्धकालीन चिकित्सा प्रशिक्षण
लखनऊ। आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ के ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज (ओटीसी) में मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (एमओबीसी)-259 के सफल समापन पर शनिवार को पाठ्यक्रम समाप्ति परेड आयोजित की गई। सात सप्ताह तक चले इस पाठ्यक्रम में त्रिसेवा प्रतिनिधित्व वाली 33 महिला अधिकारियों समेत कुल 121 मेडिकल एवं डेंटल अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। परेड की समीक्षा आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ के कमांडेंट एवं प्रभारी रिकॉर्ड्स लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ ने की।
एमओबीसी-259 का आयोजन 3 अगस्त से 19 सितंबर तक ओटीसी के कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षक मेजर जनरल अनुज चावला के मार्गदर्शन में किया गया। पाठ्यक्रम के दौरान युवा सशस्त्र बलों के मेडिकल एवं डेंटल अधिकारियों को युद्धकालीन चिकित्सा सहायता का गहन प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने एडवांस ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (एटीएलएस) प्रोवाइडर कोर्स में भी भाग लिया तथा आधुनिक युद्ध की बदलती परिस्थितियों और नई तकनीकों से परिचित कराया गया।
समापन परेड में कैप्टन सौरभ सिंह यादव को पाठ्यक्रम का सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी चुना गया। उन्हें कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, फील्ड स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कैप्टन आकाश जी को मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
समीक्षा अधिकारी ने युवा अधिकारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और परेड के कुशल संचालन की सराहना करते हुए उन्हें सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की परंपराओं को बनाए रखने तथा उच्च स्तर की व्यावसायिक दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों से ओटीसी में अर्जित ज्ञान को निरंतर अद्यतन करने और युद्धक्षेत्र के साथ-साथ शांतिकाल में सैनिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
परेड में 200 से अधिक गौरवान्वित माता-पिता और पाठ्यक्रम अधिकारियों के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के अधिकारी मौजूद रहे।

