गांधी प्रतिमा के पास बैठकर सुने भजन, ‘एक्स’ पर दीं शुभकामनाएं
सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन
लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचकर बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने गांधी प्रतिमा स्थल पर बैठकर बापू के प्रिय भजनों का श्रवण भी किया।
गांधी प्रतिमा के पास बैठकर सुने भजन, ‘एक्स’ पर दीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर पूरी दुनिया को स्वदेशी व स्वाधीनता का संदेश देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पावन जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उन्होंने कहा कि बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी हम सभी को एक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन
इसके साथ ही सीएम योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ‘जय जवान-जय किसान’ के ऐतिहासिक उद्घोष से देश के वीर सैनिकों और अन्नदाता किसानों में अदम्य ऊर्जा भरने वाले शास्त्री जी का दृढ़ नेतृत्व, ईमानदारी और सादगीपूर्ण जीवन हर देशवासी के लिए युगों-युगों तक अनुकरणीय रहेगा।

