लखनऊ में धूमधाम से मनाया गया मिलिट्री नर्सिंग सर्विस का 101वां स्थापना दिवस

Anoop

October 6, 2026

101वें वर्ष में प्रवेश: मिलिट्री नर्सिंग सर्विस ने मनाया एक सदी से अधिक की समर्पित सेवा का जश्न

लेफ्टिनेंट जनरल सीजे जयचंद्रन ने तकनीकी नवाचार और मानवीय संवेदना पर दिया जोर

लखनऊ: मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (MNS) ने सैन्य स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में अपनी समर्पित सेवा, प्रतिबद्धता और पेशेवर उत्कृष्टता के 101वें वर्ष का भव्य जश्न मनाया। एक सदी से भी अधिक की इस शानदार विरासत को समर्पित इस समारोह का आयोजन लखनऊ स्थिति सेंट्रल कमांड के कमांड हॉस्पिटल के शिवम लॉन्स में किया गया, जिसमें नर्सिंग अधिकारियों की कई पीढ़ियों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया गया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित बहु-दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत 01 अक्टूबर 2026 को एएमसी वॉर मेमोरियल (AMC War Memorial) पर पुष्पांजलि समारोह और नर्सिंग ऑफिसर्स मेस में केक काटने के साथ हुई। इसके पश्चात 03 अक्टूबर 2026 को शिवम लॉन्स में आयोजित मुख्य समारोह के साथ इस जश्न का समापन हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि, सेंट्रल कमांड के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ (COS) लेफ्टिनेंट जनरल सीजे जयचंद्रन ने मिलिट्री नर्सिंग सर्विस परिवार को 101वें वर्ष में प्रवेश करने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कुशल, संवेदनशील और मरीज-केंद्रित सैन्य स्वास्थ्य देखभाल में अधिकारियों के योगदान की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने मानवीय संवेदनाओं को बनाए रखते हुए लगातार सीखने, अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने शिक्षण स्टाफ द्वारा दी जा रही उत्कृष्ट ट्रेनिंग और मेंटरिंग की भी प्रशंसा की। यह आयोजन MNS के सेवा, साहस, संवेदना और पेशेवर निष्ठा के स्थायी मूल्यों को पुनः दोहराने का एक माध्यम बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *