लखनऊ में बारिश का कहर: फूस की झोपड़ी ढहने से मलबे में दबा परिवार
हादसे में चौकीदार की 11वीं में पढ़ने वाली बेटी की मौत, पत्नी घायल
लखनऊ। मोहनलालगंज के गदियाना गांव में बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। तेज बारिश के बीच स्थानीय थाने में कार्यरत चौकीदार गोकुल प्रसाद की फूस की झोपड़ी अचानक भरभराकर ढह गई, जिससे पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। हादसे में गोकुल प्रसाद की 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी रिंकी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी बिन्दादेई घायल हो गईं।
घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे गोकुल और उनकी बेटी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक रिंकी दम तोड़ चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

