लखनऊ: अवैध डेयरी हटाने गई टीम पर हमला, दरोगा का सिर फोड़ा; 24 पर एफआईआर और 200 भैंसें जब्त

Anoop

August 18, 2026

लखनऊ के पारा में अवैध डेयरी हटाने पहुंची टीम पर हमला कर दरोगा का सिर फोड़ने के मामले में 24 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है

प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 200 भैंसें जब्त कीं और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर पूरे इलाके को उपद्रवियों से मुक्त कराने की चेतावनी दी है

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में अवैध डेयरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर स्थानीय लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया और उपद्रवियों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

उपद्रवियों ने बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल को निशाना बनाते हुए दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उन पर लोहे की जंजीर से वार कर दिया। हमले में दरोगा का सिर फट गया, जिससे उन्हें छह टांके आए हैं। इस हिंसा में नगर निगम के तीन कर्मचारी भी घायल हुए हैं और सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।

घटना के बाद तीन थानों की पुलिस और पीएसी बल के साथ नगर निगम की कैटल कैचर टीम ने इलाके में बड़ा अभियान चलाया। चार अलग-अलग मोहल्लों से करीब 200 भैंसों को जब्त कर नगर निगम ले जाया गया। मामले में 12 नामजद और 12 अज्ञात समेत कुल 24 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।  खुशबू और आफरीन नाम की दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

मेयर की चेतावनी: पूरा इलाका कराएंगे साफ

मौके पर पहुंचीं महापौर सुषमा खर्कवाल ने हमलावरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे इलाके से अवैध डेयरियों का सफाया किया जाएगा और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *