यूपी टी-20 लीग: अभिनंदन के चार विकेट और आराध्य के अर्धशतक से लखनऊ फाल्कन्स की पहली जीत, नोएडा किंग्स तीन विकेट से पराजित

Anoop

August 18, 2026

इकाना में गरजा लखनऊ का बल्ला, रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स 3 विकेट से पराजित

अभिनंदन की घातक गेंदबाजी और आराध्य के जुझारू अर्धशतक से फाल्कन्स को मिली पहली जीत

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच अभिनंदन सिंह की घातक गेंदबाजी (4 विकेट) और आराध्य यादव की 51 रनों की संयमित अर्धशतकीय पारी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार शाम खेले गए इस मुकाबले में लखनऊ ने अंतिम ओवरों के भारी दबाव के बीच 19.2 ओवरों में सात विकेट खोकर 140 रन बनाते हुए जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।

मैच का शुभारंभ प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाकर किया। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। टॉस जीतकर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नोएडा किंग्स की टीम अभिनंदन सिंह के 4 विकेट और नवनीत कुमार के 3 विकेटों की बदौलत 19.5 ओवर में 136 रनों पर ढेर हो गई। नोएडा के लिए बॉबी यादव ने सर्वाधिक 29 रन और कार्तिक सिद्धू ने 23 रन बनाए।

137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने 41 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज आराध्य यादव ने 42 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शानदार 51 रन बनाकर पारी को संभाला। नोएडा के युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने 22 रन देकर 3 विकेट झटककर मुकाबला रोमांचक बना दिया था, लेकिन कठिन समय में समीर चौधरी ने 19 गेंदों पर नाबाद 28 रनों की धैर्यपूर्ण पारी खेलकर 20वें ओवर में विजयी रन बनाते हुए लखनऊ फाल्कन्स को रोमांचक जीत दिला दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *