उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था को लेकर भाजपा पर निशाना साधा
अयोध्या में मीडियाकर्मियों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि पवित्र राम मंदिर को व्यापार अथवा आय का माध्यम बनाना बताया दुर्भाग्यपूर्ण
अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी और मंदिर ट्रस्ट पर जोरदार निशाना साधा है। अयोध्या आगमन पर मीडियाकर्मियों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि पवित्र राम मंदिर को व्यापार अथवा आय का माध्यम बनाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग उठाई कि मंदिर परिसर के कुशल संचालन और धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए किसी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के बजाय पूज्य संतों और धर्माचार्यों को यह दायित्व सौंपा जाना चाहिए।
चढ़ावा गबन मामले में SIT जांच पर खड़े किए सवाल
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे की चोरी और गबन के प्रकरण पर बोलते हुए अजय राय ने विशेष जांच टीम (SIT) की कार्रवाई को महज औपचारिक खानापूर्ति करार दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग दान-राशि की गिनती और प्रशासनिक देखरेख के जिम्मेदार थे, उनकी सीधी संलिप्तता की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
आगामी चुनावों के मुद्दों पर दिया जोर
अजय राय ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी कानून-व्यवस्था की स्थिति, धार्मिक स्थलों में वित्तीय अनियमितता, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं के अवसरों जैसे जनहित के गंभीर विषयों को प्राथमिकता से उठाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल और उससे जुड़े संगठन अयोध्या की आध्यात्मिक और पवित्र गरिमा को प्रभावित कर रहे हैं। साथ ही प्रदेश की हालिया आपराधिक घटनाओं, विशेषकर गोरखपुर हत्या कांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी तीखे सवाल दागे।

