यूपी टी-20 लीग के आगाज़ से पहले इकाना पहुंचे अवनीश अवस्थी, तैयारियों का लिया जायजा

Anoop

August 12, 2026

उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े क्रिकेट उत्सव ‘यूपी टी-20 लीग सीजन-4’ के आगाज़ में अब महज दो दिन

मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने इकाना क्रिकेट स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े क्रिकेट उत्सव ‘यूपी टी-20 लीग सीजन-4’ के आगाज़ में अब महज दो दिन का वक्त बाकी है। लीग की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम में लीग के आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अवनीश अवस्थी ने यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और इकाना स्पोर्ट्स सिटी के सीएमडी उदय सिन्हा के साथ स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान लीग के सफल आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था और दर्शकों की सुविधाओं समेत अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।

अवनीश अवस्थी ने कहा कि यूपी टी-20 लीग उत्तर प्रदेश का भव्य क्रिकेट उत्सव है और इसके सफल आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर पर सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, निकासी मार्ग तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आयोजन को सुचारु एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने उन्हें आश्वस्त किया कि लीग का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों सहित स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहेंगी। इस दौरान गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

दूसरी ओर, यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र से पहले आयोजित होने वाले विशेष ‘ट्रॉफी टूर’ अभियान का भी बुधवार को सफल समापन हो गया। अभियान के अंतिम चरण में ट्रॉफी मोंट फोर्ट स्कूल, महानगर पहुंची, जहां काशी रुद्रास के शुभम चौबे ने छात्रों से संवाद किया। वहीं रामस्वरूप यूनिवर्सिटी, अयोध्या रोड में मेरठ मावेरिक्स के आईपीएल स्टार कार्तिक त्यागी और यूपी के क्रिकेटर स्वास्तिक चिकारा ने छात्रों के साथ अपने क्रिकेट के सफर के अनुभव साझा किए। इस ट्रॉफी टूर के जरिए युवाओं और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

गौरतलब है कि यूपी टी-20 लीग सीजन-4 की शुरुआत 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगी, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग के पहले चरण के 22 मैच 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ में खेले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण के प्लेऑफ और फाइनल सहित 12 मैच 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर में आयोजित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *