योगी सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं और उनके एक सहयोगी के लिए 27 से 29 अगस्त तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की शुरुआत की
त्योहार पर यात्रियों के लिए 979 अतिरिक्त बसें, चार स्पेशल ट्रेनें चलाने के साथ ही बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की बड़ी सौगात दी है। इस योजना के तहत 27 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त तक महिलाएं अपने एक सहयोगी के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर ‘एंटी रोमियो स्क्वाड’ को सक्रिय किया गया है, साथ ही बस चालकों की भी निरंतर निगरानी की जा रही है।
त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। लखनऊ परिक्षेत्र से कुल 979 एसी और साधारण बसें विभिन्न रूटों जैसे गोरखपुर, दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी आदि के लिए संचालित की जा रही हैं, जबकि 50 बसों को रिजर्व में रखा गया है। इसके अलावा, बस अड्डों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है।
दूसरी ओर, रेलवे प्रशासन भी रक्षाबंधन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बृहस्पतिवार से चंडीगढ़-लखनऊ और दिल्ली-वाराणसी वाया लखनऊ चार विशेष ट्रेनें शुरू कर रहा है। स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए जीआरपी और आरपीएफ जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। वहीं, अमौसी एयरपोर्ट पर भी बम निरोधक दस्ता और श्वान दल अलर्ट मोड पर हैं, तथा यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

