नई दिल्ली में आयोजित चतुर्थ विजय कप राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में लखनऊ पब्लिक स्कूल (आनंद नगर) के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 8 पदक जीते
मास्टर अतुल यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इन खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर प्रधानाचार्य मीना तिवारी और शिक्षकों ने बधाई दी
लखनऊ। नई दिल्ली के रोहिणी वेस्ट में 23 और 24 अगस्त 2026 को आयोजित चतुर्थ विजय कप ओपन राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में लखनऊ पब्लिक स्कूल (एलपीएस), आनंद नगर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक जीते, जिनमें चार स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रतियोगिता का आयोजन यूनिक ताइक्वांडो अकादमी द्वारा किया गया था।
प्रतियोगिता के दौरान बालक सब जूनियर व्यक्तिगत पूमसे वर्ग में मयंक तिवारी और आशुतोष मिश्रा ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं बालक कैडेट व्यक्तिगत पूमसे वर्ग में श्रेयांश नायक तथा क्योरगी बालक सब जूनियर के अंडर-35 किग्रा भार वर्ग में अनुभव तिवारी ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
रजत पदक विजेताओं में बालक कैडेट व्यक्तिगत पूमसे वर्ग के आयुष झा, रुद्रांश शुक्ला और अंकुर सिंह शामिल रहे। इसके अलावा क्योरगी बालक कैडेट के अंडर-43 किग्रा भार वर्ग में कुणाल यादव ने कांस्य पदक अर्जित कर स्कूल का मान बढ़ाया।
ये सभी विजेता खिलाड़ी लखनऊ पब्लिक स्कूल, आनंद नगर में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं लखनऊ स्पोर्ट्स ताइक्वांडो व पैरा ताइक्वांडो के सचिव मास्टर अतुल यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती मीना तिवारी, शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

