उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में विशाल जनसभा को संबोधित किया
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके करीबियों पर तीखा हमला बोला
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके करीबियों पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने बेटियों के सम्मान की रक्षा को सर्वोपरि बताते हुए एक बड़ा खुलासा किया कि अखिलेश यादव की पुत्री पर की गई अभद्र टिप्पणी के मामले में उन्होंने खुद तत्काल कड़ा संज्ञान लिया था।
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन महिलाओं और बेटियों का सम्मान हमारी संस्कृति का हिस्सा है।
“समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणियां की थीं। जैसे ही यह पूरा मामला मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल पुलिस को निर्देश देकर इसमें एफआईआर (FIR) दर्ज कराई। बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।”
सीएम योगी ने भारतीय संस्कारों की याद दिलाते हुए कहा कि हम उस गौरवशाली परंपरा में पले-बढ़े हैं, जहां यह माना जाता है कि “गांव की बेटी सबकी बेटी होती है, और गांव की बहन सबकी बहन होती है।”
सपा प्रमुख को कटघरे में खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए कभी कोई राजनैतिक भेदभाव नहीं किया, लेकिन विपक्ष को दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
सीएम ने कहा, “अखिलेश जी, दूसरों को उपदेश देते हो, तो अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दो कि वे अपनी भाषा को संयम में रखें।” उन्होंने आगे कहा कि दूसरों के परिवारों पर टिप्पणी करने से पहले सपा नेतृत्व को यह सोचना चाहिए कि उनके अपने लोग दूसरों की बेटियों और बहनों के प्रति किस प्रकार की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हैं। अच्छा होगा कि वे अपने लोगों को सही संस्कार दें।
अपराधियों और अमर्यादित आचरण करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने मंच से अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि “अगर आप (अखिलेश यादव) अपने लोगों को नहीं समझा सकते या वे आपकी बात समझने को तैयार नहीं हैं, तो उन्हें हमारे हवाले कर दीजिए, हमारी पुलिस और हमारा सिस्टम उन्हें बहुत अच्छी तरह से समझाना जानता है।”
आजमगढ़ की इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया कि प्रदेश में महिला सुरक्षा और उनके सम्मान से खिलवाड़ करने वाले चाहे किसी भी दल या रसूख से जुड़े हों, उनके खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

