बलरामपुर को ₹294 करोड़ की सौगात: सीएम योगी ने 75 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

Prashant

June 6, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने शनिवार को जनपद बलरामपुर को

₹294 करोड़ की लागत वाली 75 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी

बलरामपुर/लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद बलरामपुर को ₹294 करोड़ की लागत वाली 75 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक और आवास की चाबियां सौंपीं। इसके साथ ही उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया और कार्यक्रम स्थल पर ‘हरिशंकरी’ का पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नीति आयोग के मानकों पर कभी देश का सबसे पिछड़ा माना जाने वाला बलरामपुर अब ‘डबल इंजन’ सरकार की ‘डबल स्पीड’ से काम करने की बदौलत तेजी से एक विकसित जिले की ओर बढ़ रहा है।

बलरामपुर में हुए बड़े ऐतिहासिक बदलाव

मुख्यमंत्री ने जिले में हुए विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए कई बड़ी उपलब्धियां गिनाईं:

  • सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना अब धरातल पर साकार हो चुकी है।
  • श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज और माँ पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है।
  • महान समाजसेवी नानाजी देशमुख की स्मृतियों को संजोने के लिए इमलिया कोडर में थारू संग्रहालय बनाया गया है।
  • राप्ती नदी के मथुरा घाट पर नए पुल के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है।

थारू जनजाति का उत्थान और शिक्षा में नंबर वन

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बुनियादी अधिकारों से वंचित रहने वाले थारू और वनटांगिया समाज के लोगों को आज जमीन के पट्टे, पक्के आवास, शौचालय और पेंशन की सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि “आज बलरामपुर जिला पूरे उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में सबसे अधिक बच्चों का नामांकन (एडमिशन) कराने वाला जिला बन चुका है।”

बलरामपुर चीनी मिल ग्रुप बनाएगा ‘औद्योगिक पार्क’

स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि बलरामपुर चीनी मिल ग्रुप पर्यावरण के अनुकूल ऐसा प्लास्टिक (पीएलए प्लांट) बना रहा है जो आसानी से मिट्टी में गल जाएगा। सीएम ने ग्रुप से आग्रह किया है कि वे बलरामपुर में एक औद्योगिक पार्क का निर्माण करें, जिससे बलरामपुर और श्रावस्ती के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही नौकरियां मिल सकें।

भेदभाव रहित सुशासन और यूपी की नई पहचान

विगत वर्षों की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले जहां बलरामपुर, पचपेड़वा और उतरौला जैसी जगहों पर त्योहारों के दौरान दंगे होते थे, आज यूपी के सभी जिलों और गांवों में शांति के साथ विकास हो रहा है। माफियाओं के कब्जे से खाली कराई गई जमीनों पर गरीबों के लिए घर बनाए जा रहे हैं। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम और माँ पाटेश्वरी धाम के पुनरुद्धार से उत्तर प्रदेश को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक पर्यटन की एक नई पहचान मिली है, जिससे राज्य में भारी निवेश आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *