11 अक्टूबर को सुंदरकांड पाठ से होगा शुभारंभ; 20 को रावण वध और 21 को मनाया जाएगा प्रभु श्री राम का भव्य राज्याभिषेक
गोस्वामी तुलसीदास जी की अमर परंपरा होगी जीवंत, 22 अक्टूबर को यहियागंज तक निकलेगी भव्य नगर दर्शन शोभायात्रा
लखनऊ। संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा सोलहवीं शताब्दी में प्रज्वलित की गई रामलीला की पावन दीप-शिखा एक बार फिर लखनऊ की फिज़ाओं को भक्तिरस से सराबोर करने के लिए तैयार है। श्री रामलीला समिति, ऐशबाग के तत्वावधान में आगामी 11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2026 तक भव्य ‘रामोत्सव-2026’ का आयोजन परंपरा, आधुनिकता और अगाध आस्था के दिव्य संगम के साथ किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष हरीश चंद्र अग्रवाल ने तुलसी सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि रामोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर (रविवार) को प्रातःकाल विघ्नहर्ता श्री गणेश पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात प्रभु श्री राम, माता सीता, भ्राता लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं भक्तशिरोमणि श्री हनुमान जी के श्री विग्रहों का वैदिक विधि-विधान से पूजन अर्चन किया जाएगा। दोपहर 3:00 बजे से संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ का दिव्य गायन आरंभ होगा, जो संध्या 6:00 बजे विश्राम लेगा।
मंत्रोच्चार, भक्ति-संगीत और लीला मंचन का अलौकिक संगम
रामोत्सव के दौरान प्रतिदिन संध्याकाल में भक्ति और संस्कृति का अद्भुत प्रवाह देखने को मिलेगा। शाम 7:30 बजे वेदपाठियों द्वारा दिव्य मंत्रोच्चार के साथ देवताओं का पावन आवाहन होगा। तत्पश्चात नृत्य अकादमियों द्वारा भक्ति भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रात्रि 8:00 बजे संस्कृति विभाग के सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन एवं नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी, जिसके बाद रात्रि 8:30 से 11:30 बजे तक कुशल कलाकारों द्वारा प्रभु श्री राम के दिव्य चरित्र का मंचन किया जाएगा।

रामोत्सव-2026 के मुख्य आकर्षण एवं पर्व
- 20 अक्टूबर (मंगलवार – दशहरा पर्व): अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक रावण वध की लीला का मंचन होगा। इसके बाद नभ मंडल को आलोकित करने वाली भव्य आतिशबाजी और विशाल पुतला दहन का आयोजन किया जाएगा।
- 21 अक्टूबर (बुधवार – राम राज्याभिषेक): प्रभु श्री राम का चौदह वर्षों के वनवास के पश्चात अयोध्या आगमन, भरत मिलाप और भव्य राज्याभिषेक का आलौकिक उत्सव संपन्न होगा, जिसके उपरांत वृहद महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।
- 22 अक्टूबर (बृहस्पतिवार – नगर दर्शन शोभायात्रा): संध्या 6:00 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अपने पूरे मंत्रिमंडल और भ्राताओं के साथ भव्य रथ पर सवार होकर नगर दर्शन शोभायात्रा पर निकलेंगे। विभिन्न सांस्कृतिक झांकियों, ढोल-ताशों और बैंड-बाजे के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा यहियागंज (वर्मा स्टॉप) स्थित धर्मध्वजी मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।
ऐशबाग की यह ऐतिहासिक रामलीला अपनी सदियों पुरानी समृद्ध परंपरा को संजोते हुए आधुनिक संसाधनों व भव्यता के साथ श्रद्धालुओं को मर्यादा पुरुषोत्तम के आदर्श जीवन दर्शन से रूबरू कराने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

