500 बालिका कैडेट्स के अनुशासन, ‘फायर एंड मूव’ प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता से प्रभावित हुए एडीजी महोदय
व्यक्तिगत संवाद के साथ मेडल, नकद पुरस्कार और उपहार देकर बढ़ाया बालिकाओं का मनोबल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक (ADG) मेजर जनरल गौरव गौतम, विशिष्ट सेवा मेडल ने एएमसी सेंटर में आयोजित एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (शिविर संख्या 222) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित शिविर में लगभग 500 बालिका कैडेट्स के अनुशासन, प्रशिक्षण और नेतृत्व क्षमता का अवलोकन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कैंप कमांडेंट कर्नल दिनेश कुमार पाठक ने सभी स्टाफ का परिचय कराया, जिसके बाद कैडेट्स ने एडीजी महोदय को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। इसके पश्चात कैडेट्स ने सेक्शन फॉर्मेशन के अंतर्गत ‘फायर एंड मूव’ का प्रदर्शन और स्क्वॉड ड्रिल के माध्यम से अपने अनुशासन और प्रशिक्षण कौशल का बेहतरीन परिचय दिया।
कैडेट्स के साथ अपने संवाद और संबोधन में मेजर जनरल गौरव गौतम ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सशक्त, आत्मविश्वासी और जागरूक होना चाहिए तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

एडीजी महोदय ने व्यक्तिगत रूप से कैडेट्स से संवाद कर एनसीसी प्रशिक्षण और नेतृत्व गुणों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनके सटीक उत्तरों पर उन्होंने कैडेट्स की सराहना की। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अनेक कैडेट्स को नकद पुरस्कार, मेडल और उपहार प्रदान किए। साथ ही, उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया और कैडेट्स के साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर लखनऊ ग्रुप मुख्यालय से डिप्टी कमांडर कर्नल अभिषेक सिंह गौतम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। एडीजी महोदय का यह प्रेरणादायी दौरा कैडेट्स में नेतृत्व विकास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम रहा।

