अनोखी मिसाल: लखनऊ में पति ने फरार पत्नी का प्रेमी से कराया विवाह, वफादारी की कसम खिलाकर दी विदाई

Anoop

September 10, 2026

लखनऊ के मलिहाबाद में एक पीआरडी जवान पति ने ससुराल से प्रेमी संग फरार हुई पत्नी की जिद के आगे झुकते हुए दोनों का मंदिर में विवाह करा दिया

पति ने विदाई के वक्त पत्नी को उसके प्रेमी के प्रति वफादार रहने की कसम खिलाई और दोनों पक्षों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के आपसी सहमति से शादी करा दी

लखनऊ (मलिहाबाद)। राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक पीआरडी जवान पति ने ससुराल से प्रेमी संग फरार हुई अपनी पत्नी का न केवल प्रेमी से मंदिर में विवाह कराया, बल्कि उसे भविष्य में प्रेमी के प्रति वफादार रहने की कसम खिलाकर विदा भी कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, माल थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का विवाह 8 मई 2025 को मलिहाबाद के पीआरडी जवान के साथ हुआ था। शादी से पहले से ही युवती का अपने ही क्षेत्र के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वैवाहिक जीवन में अनबन के चलते कुछ दिन पूर्व वह ससुराल से अपने प्रेमी के साथ अचानक फरार हो गई। पति की शिकायत पर मलिहाबाद थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी।

बुधवार को जब पुलिस की पहल पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे, तो थाने के बाहर घंटों पारिवारिक गहमागहमी और सुलह-समझौते का प्रयास चलता रहा। जब पत्नी अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही, तो पति ने बड़ा दिल दिखाते हुए दोनों का मंदिर में विवाह करवा दिया। मलिहाबाद पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाह विच्छेद कर लिया है और किसी भी पक्ष ने कोई कानूनी कार्रवाई या तहरीर नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *