आस्था और श्रद्धा के साथ निकला वार्षिक ‘कॉर्पस क्रिस्टी’ जुलूस, बिशप ने दिया मानव सेवा का संदेश

Anoop

November 23, 2026

‘क्राइस्ट द किंग’ के पर्व पर संत जोसेफ कैथेड्रल से सेंट फ्रांसिस कॉलेज तक निकली भव्य शोभायात्रा

 हाथों में मोमबत्तियां लिए गायन और प्रार्थनाओं के साथ तीन घंटे तक चला आस्था का यह आयोजन

लखनऊ। राजधानी में लखनऊ धर्मप्रांत के ईसाई समुदाय द्वारा ‘क्राइस्ट द किंग’ (ख्रीस्त राजा) के पर्व पर रविवार को वार्षिक ‘कॉर्पस क्रिस्टी’ जुलूस (पवित्र परम प्रसाद की शोभायात्रा) पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाला गया। दो लैटिन शब्दों से मिलकर बने ‘कॉर्पस क्रिस्टी’ का अर्थ ‘ईसा मसीह का शरीर’ होता है, जिसका मुख्य उद्देश्य पवित्र यूखरिस्ट में समुदाय के विश्वास को नवीनीकृत और और अधिक गहरा करना है।

संत जोसेफ कैथेड्रल स्कूल परिसर से प्रारंभ हुई यह भव्य शोभायात्रा हजरतगंज एवं शाहनजफ रोड होते हुए सेंट फ्रांसिस कॉलेज के प्रांगण तक पहुंची और पुनः उसी मार्ग से कैथेड्रल वापस लौटी। करीब तीन घंटे तक चली इस पूरी धार्मिक सेवा के दौरान श्रद्धालु हाथों में मोमबत्तियां लिए भजन-गायन और प्रार्थनाएं करते हुए आगे बढ़ रहे थे। विभिन्न संघों और पल्ली समुदायों ने अपने बैनरों के साथ इस आस्था जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस पावन अवसर पर लखनऊ के बिशप जेराल्ड मैथियास ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विशेष उपदेश दिया। उन्होंने प्रभु यीशु के जीवन से प्रेरणा लेते हुए दया, पवित्रता, पड़ोसियों के प्रति प्रेम और सबसे बढ़कर मानवता की निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। लखनऊ धर्मप्रांत के प्रवक्ता रेवरेंड डॉ. डोनाल्ड डीसूजा ने यह जानकारी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *