सपा में कई नए नेताओं की एंट्री, अखिलेश यादव बोले- सत्ता से हटने पर ही दूर होगा संकट

Anoop

November 21, 2026

10 साल से एक ही कुर्सी पर जमे अधिकारियों को हटाने के लिए विधायकों के हस्ताक्षर से देंगे ज्ञापन

अग्निवीर योजना खत्म करने व 1.27 करोड़ वोट कटने के बयान पर साधा निशाना, ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का दिया नारा

लखनऊ: समाजवादी पार्टी में शनिवार को विभिन्न नेताओं के शामिल होने के अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा दौर में भाजपा सबसे बड़ा संकट है और उसके सत्ता से हटने पर ही यह संकट दूर होगा। पार्टी की सदस्यता लेने वालों में अनिल कसाना, उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू शामिल रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोगों को लगने लगा है कि कमल मुरझा गया है, इसलिए अब वे ‘राधे-राधे’ बोलने लगे हैं। उन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं को भरोसा दिलाया कि भाजपा उनके साथ अन्याय नहीं कर सकती और सपा उनका पूरा साथ देगी। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी तथा पार्टी की वेबसाइट पर आने वाले सुझावों पर भी काम किया जाएगा।

अधिकारियों को हटाने को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि जो अधिकारी पिछले 10 वर्षों से एक ही कुर्सी पर बैठे हैं, उन्हें हटाने के लिए सभी विधायकों के हस्ताक्षर से ज्ञापन दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा की ओर से 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने संबंधी बयान पर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब इस तरह के बयान नहीं आ रहे हैं। उन्होंने पूछा कि भाजपा को यह जानकारी कहां से मिली थी। इस दौरान उन्होंने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा दिया और इससे जुड़ा एक नया वीडियो भी दिखाया।

बूथ स्तर के नेताओं से मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोगों के नाम जुड़वाने की अपील करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि बूथ जीतेंगे तभी सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता तैयार है और जिस दिन चुनाव घोषित होगा, भाजपा चुनाव हार जाएगी। भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसकी अधिकतर योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है, भाजपा सरकार भ्रष्टाचार की मास्टर है और पीडीए अब सिर्फ नारा नहीं, बल्कि एक भावनात्मक मुद्दा बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *